सांगो–घिंघारूकोट से बांस–बसवाड़ी तक 1.225 किमी मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण को ₹89.36 लाख की स्वीकृति

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चम्पावत 20 जनवरी। माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार जनपद चम्पावत सहित प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास एवं आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 147/2024 के अंतर्गत जनपद चम्पावत के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र स्थित विकास खंड पाटी में सांगो–घिंघारूकोट से बांस–बसवाड़ी तक मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण कार्य को स्वीकृति प्रदान की गई है।
इस परियोजना के तहत 1.225 किलोमीटर लंबे मोटर मार्ग का पुनर्निर्माण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। मार्ग के सुधारीकरण से ग्रामीण कनेक्टिविटी को मजबूती मिलने के साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंच आसान होगी।
निर्माण कार्य के लिए ₹89.36 लाख (रुपये नवासी लाख छत्तीस हजार मात्र) की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है। यह कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार समयबद्ध रूप से कराया जाएगा।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि यह परियोजना ग्रामीण सड़क नेटवर्क को सशक्त बनाएगी और स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाएगी। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क निर्माण एवं सुधार कार्य न केवल आवागमन को सरल बनाते हैं, बल्कि रोजगार सृजन, स्वास्थ्य सेवाओं तक बेहतर पहुंच और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देते हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें