देहरादून 20 जनवरी
। आराघर क्षेत्र में निर्माणाधीन 132 केवी जीआईएस बिजलीघर को लाइन से जोड़ने के लिए धर्मपुर में चल रहे अंडरग्राउंड केबल कार्य का प्रबन्ध निदेशक पी. सी. ध्यानी ने निदेशक परिचालन जी. एस. बुदियाल के साथ देर रात्रि पौने नौ बजे औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्य स्थल पर कार्यदायी संस्था का साइट इंचार्ज सहित कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं पाया गया।
साढ़े दस बजे तक भी कार्य प्रारम्भ न होने पर प्रबन्ध निदेशक ने गहरी अप्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कार्यदायी संस्था के मालिक से मोबाइल पर वार्ता कर कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए निर्देश दिए कि अगले दिन से समय पर कार्य प्रारम्भ किया जाए। साथ ही कार्य की गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करते हुए कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रबन्ध निदेशक ने कार्यदायी संस्था को मैनपावर गैंग बढ़ाने के भी निर्देश दिए। इस पर संस्था के मालिक ने बताया कि जाम में फँस जाने के कारण मशीन और लेबर को कार्य स्थल तक पहुँचने में लगभग आधे घंटे का विलंब हुआ, जिसकी आगे पुनरावृत्ति नहीं होगी। उन्होंने न्यूनतम समय में गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से कार्य पूर्ण करने का आश्वासन दिया।
इसके अतिरिक्त प्रबन्ध निदेशक ने अधीक्षण अभियन्ता, अधिशासी अभियन्ता, सहायक अभियन्ता एवं अवर अभियन्ता को दो-दो की शिफ्ट बनाकर कार्य स्थल पर उपस्थित रहकर पूर्ण जिम्मेदारी के साथ कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि जिलाधिकारी देहरादून द्वारा रात्रि दस बजे से कार्य प्रारम्भ करने की अनुमति के अनुसार समय पर कार्य स्थल पर पहुँचना सुनिश्चित किया जाए, ताकि अंडरग्राउंड केबल का कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान प्रबन्ध निदेशक के साथ निदेशक परिचालन जी. एस. बुदियाल, अधिशासी अभियन्ता दीपक कुमार एवं सहायक अभियन्ता अमित कुमार उपस्थित रहे।







