
चम्पावत 06 मई ।नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में अब नया मोड़ सामने आया है। जहां एक ओर पुलिस तीन आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है, वहीं दूसरी ओर एक आरोपी के पिता ने पूरे मामले को राजनीतिक साजिश बताते हुए बेटे के लिए न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी के पिता राम सिंह ने न्याय के देवता गोल्ज्यू महाराज से प्रार्थना करते हुए अपने पुत्र को निर्दोष बताया है। उनका कहना है कि उनके बेटे को सुनियोजित तरीके से इस मामले में फंसाया जा रहा है।
पिता ने दावा किया कि उनका बेटा अग्निवीर योजना के तहत सेना में भर्ती है और उसका भविष्य उज्ज्वल है, लेकिन कुछ लोगों द्वारा राजनीतिक दुर्भावना के चलते उसे इस प्रकरण में घसीटा गया है। उन्होंने प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और आम जनता से निष्पक्ष जांच की मांग की है।भावुक होते हुए पिता ने कहा कि उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है और सच्चाई जल्द सामने आएगी।उधर, पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच पूरी गंभीरता और निष्पक्षता के साथ की जा रही है। अब तक जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।गौरतलब है कि 6 मई को सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग बालिका को बरामद कर उसका मेडिकल परीक्षण कराया था। पीड़िता के बयान के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच जारी है।






