मुख्यमंत्री ने किया नेशनल पैरालंपिक पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप का शुभारंभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


बीता दशक भारतीय खेलों का स्वर्णिम अध्याय, नया भारत जीतने के लिए खेलता है: मुख्यमंत्री
देहरादून 16 जनवरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को रुड़की स्थित कोर यूनिवर्सिटी में आयोजित नेशनल पैरालंपिक पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप का वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बीते एक दशक में भारत के खेल परिदृश्य में अभूतपूर्व परिवर्तन आया है और यह अवधि भारतीय खेल इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बन चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रतियोगिता केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि भारत की अदम्य इच्छाशक्ति और आत्मविश्वास का उत्सव है। पावरलिफ्टिंग अनुशासन, धैर्य, साहस और आत्मसम्मान का प्रतीक है, जो यह संदेश देती है कि असली ताकत हौसले में होती है। उन्होंने कहा कि देश के दिव्यांग खिलाड़ी आज हर क्षेत्र में भारत का नाम रोशन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने भारतीय पैरा खिलाड़ियों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि 1972 पैरालंपिक में मुरलीकांत पेटकर का स्वर्ण पदक, सत्येंद्र सिंह लोहिया द्वारा इंग्लिश चैनल पार करना, शीतल देवी का विश्व पैरा तीरंदाजी में स्वर्ण पदक, टोक्यो पैरालंपिक में अवनी लेखरा और सुमित अंतिल की स्वर्णिम सफलता, पेरिस पैरालंपिक-2024 में 29 पदक तथा एशियन यूथ पैरा गेम्स-2025 में 110 पदक भारत की बढ़ती खेल शक्ति का प्रमाण हैं।
मुख्यमंत्री ने पद्मश्री डॉ. दीपा मलिक का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि आप भारत की पहली महिला पैरालंपिक पदक विजेता हैं और आपका जीवन संघर्ष, साहस और प्रेरणा की मिसाल है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेल बजट में तीन गुना वृद्धि हुई है और ‘खेलो इंडिया’ जैसी योजनाओं से खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिला है। उत्तराखंड में 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन से राज्य ‘देवभूमि’ के साथ-साथ ‘खेलभूमि’ के रूप में भी स्थापित हुआ है। राष्ट्रीय खेलों में राज्य के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर सातवां स्थान प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री ने दिव्यांग खिलाड़ियों के माता-पिता की सराहना करते हुए कहा कि उनके सहयोग और विश्वास से ही ये खिलाड़ी देश के लिए प्रेरणा बन सके हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उत्तराखंड सरकार दिव्यांग खिलाड़ियों के हर प्रयास में उनके साथ खड़ी है।
इस अवसर पर खेल रत्न पद्मश्री डॉ. दीपा मलिक, पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया के महासचिव जयवंत हम्मुनावा, इंडिया पैरा पावरलिफ्टिंग के चेयरपर्सन जेपी सिंह, उपाध्यक्ष शुभम चौधरी, कोर यूनिवर्सिटी के चेयरमैन जेसी जैन सहित अनेक खिलाड़ी एवं गणमान्य उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें