मुख्यमंत्री ने खटीमा में 33.36 करोड़ की 9 विकास योजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


11 करोड़ से अधिक की लागत से बने हाईटेक महाराणा प्रताप बस स्टेशन का हुआ शुभारंभ
खटीमा उधमसिंह नगर 14 जनवरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को खटीमा में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए ₹33 करोड़ 36 लाख 49 हजार की कुल 9 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन योजनाओं में जिला विकास प्राधिकरण द्वारा ₹11 करोड़ 27 लाख 50 हजार की लागत से निर्मित अत्याधुनिक हाईटेक महाराणा प्रताप बस स्टेशन का लोकार्पण प्रमुख रूप से शामिल रहा।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर नानकमत्ता क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने नानकमत्ता में बालाजी मंदिर के सौंदर्यीकरण, ब्रह्मदेव मंदिर लोहिया पुल खटीमा के सौंदर्यीकरण एवं पुनर्निर्माण, देवभूमि धर्मशाला में कक्ष, हॉल एवं सौंदर्यीकरण कार्य, तथा सोनूखरी–किशनपुर–बरकीडांडी–कैथुला–टुकड़ी मार्ग पर हॉटमिक्स सड़क निर्माण कार्य कराने की घोषणा की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने हाईटेक महाराणा प्रताप बस स्टेशन के साथ नगर पालिका के वार्ड संख्या 7 व 8 में ₹48.45 लाख की लागत से निर्मित पेयजल नलकूप, ओवरहेड टैंक एवं पाइपलाइन कार्यों, नानकमत्ता विधानसभा क्षेत्र में ₹490.21 लाख की लागत से राजस्व निरीक्षक व उपनिरीक्षक आवासीय भवनों तथा ₹359.91 लाख की लागत से उपनिरीक्षकों के कार्यालय भवनों का लोकार्पण किया। ग्राम मझोला में झील से पॉलिगंज की ओर ₹225.62 लाख की लागत से नाला निर्माण कार्य का भी लोकार्पण किया गया।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने खटीमा क्षेत्र में ₹499.65 लाख की लागत से 300 हैंडपंप स्थापना, ₹29.65 लाख की लागत से नवनिर्मित बस अड्डे में महाराणा प्रताप द्वार निर्माण, ₹24.50 लाख की लागत से हाईटेक शौचालय निर्माण तथा ₹95 लाख की लागत से थारू इंटर कॉलेज खटीमा के पुनर्निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मकर संक्रांति और घुघुतिया पर्व के पावन अवसर पर 11 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बने हाईटेक बस स्टैंड का शुभारंभ पूरे क्षेत्र के लिए हर्ष का विषय है। यह बस स्टेशन क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य विकास और समृद्धि की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि खटीमा उनका घर है और यहां की माटी तथा लोग उन्हें ऊर्जा और प्रेरणा देते हैं। यहीं से उन्होंने जनसेवा की यात्रा प्रारंभ की थी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि खटीमा क्षेत्र में गदरपुर–खटीमा बाइपास, नौसर पुल, सड़कों का व्यापक नेटवर्क, केंद्रीय विद्यालय, चकरपुर में राष्ट्रीय स्तर का खेल स्टेडियम, आधुनिक आईटीआई व पॉलीटेक्निक कॉलेज, 100 बेड का अस्पताल, सिडकुल, प्रस्तावित सैन्य स्मारक, पंतनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, राजकीय महाविद्यालय में एमकॉम व एमएससी कक्षाएं, एकलव्य विद्यालय, जमरानी बांध परियोजना, एम्स सैटेलाइट सेंटर तथा खुरपिया इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी जैसे कार्य क्षेत्र के समग्र विकास को गति दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सख्त दंगारोधी कानून, नकल विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता लागू कर सुशासन को मजबूत किया गया है। ऑपरेशन कालनेमि के तहत पाखंडियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा रही है।
सांसद अजय भट्ट एवं पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा ने नवनिर्मित बस अड्डे के लोकार्पण पर क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए इसे मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट बताया और बस अड्डे का नाम महाराणा प्रताप रखने पर आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, विधायक शिव अरोरा, नगर पालिका अध्यक्ष खटीमा रामेश चंद्र जोशी, नगर पंचायत अध्यक्ष नानकमत्ता प्रेम सिंह टूरना, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, फरजाना बेगम, मंजीत सिंह, जिलाध्यक्ष कमल जिन्दल, महामंत्री रमेश जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें