देहरादून, 13 जनवरी 2026।
पटेलनगर क्षेत्र में हुई लूट की घटना का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए मुजफ्फरनगर से जुड़े एक उभरते गैंग का भंडाफोड़ किया है। एसएसपी देहरादून के निर्देशन में की गई कार्रवाई में लूट की योजना बनाने वाले मास्टरमाइंड सहित कुल पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। घटना का मुख्य आरोपी वादी की फुफेरी बहन का पति निकला।
कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र में 8 जनवरी 2026 की रात वादी शराफत पुत्र दिलशाद अली निवासी वन विहार मेहूंवाला के घर में चार अज्ञात लोगों ने घुसकर परिजनों के साथ मारपीट कर लगभग एक लाख रुपये नकद और कुछ ज्वैलरी लूट ली थी। इस संबंध में 9 जनवरी को कोतवाली पटेलनगर में धारा 331(4)/309(6)/3(5) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर कई पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया तथा पूर्व में ऐसे अपराधों में शामिल रहे संदिग्धों का सत्यापन किया गया।
लगातार प्रयासों के बाद 13 जनवरी 2026 को तेलपुर चौक के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में बुशरान राणा, आसिफ उर्फ बबलू, इरफान, राजकुमार उर्फ अनिल और वासिफ शामिल हैं। अभियुक्तों के कब्जे से लूटी गई 91,950 रुपये की नकदी, दो अवैध तमंचे 315 बोर, चार जिंदा कारतूस, दो अवैध चाकू और एक आलानकब बरामद किया गया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी बुशरान राणा ने बताया कि उसे जानकारी थी कि वादी ने सहारनपुर में अपनी जमीन का सौदा करोड़ों रुपये में किया है और उसे बयाने के रूप में लगभग 1 करोड़ 80 लाख रुपये मिलने वाले हैं। इसी जानकारी के आधार पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। हालांकि जमीन का सौदा कैंसिल हो जाने के कारण अभियुक्तों को अपेक्षित धनराशि नहीं मिल सकी और उन्हें केवल कुछ नकदी व ज्वैलरी ही हाथ लगी।
लूटी गई शेष ज्वैलरी की बरामदगी के लिए अभियुक्तों को न्यायालय से पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया जाएगा। 







