देहरादून, 08 दिसंबर 2026।

यूथ रेडक्रास कमेटी, आपदा प्रबंधन के चीफ मास्टर ट्रेनर डॉ. अनिल वर्मा ने कहा कि आपदा प्रबंधन केवल सरकार का दायित्व नहीं है, बल्कि नागरिकों—विशेषकर शिक्षित युवाओं—की भी इसमें अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि सघन आपदा प्रशिक्षण के माध्यम से आपदा के समय जन-धन की हानि को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
डॉ. वर्मा ये विचार राजकीय इंटर कॉलेज, पटेल नगर में एमकेपी इंटर कॉलेज के एनएसएस शिविर के अंतर्गत यूथ रेडक्रास द्वारा आयोजित तीन दिवसीय आपदा प्रशिक्षण शिविर में व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने आमजन से आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण लेने की अपील करते हुए कहा कि वे नि:शुल्क प्रशिक्षण देने के लिए सदैव तत्पर हैं।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी किरन सिंह ने कहा कि उत्तराखंड आपदाओं के प्रति अत्यंत संवेदनशील राज्य है, इसलिए आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण प्रत्येक नागरिक के लिए बेहद जरूरी है। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य आपदाओं के दौरान नागरिकों व पशुओं के जीवन की रक्षा करना है। इससे जान-माल के साथ-साथ पर्यावरण की क्षति को भी कम किया जा सकता है।
इस अवसर पर शिविर संयोजिका व एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी किरन सिंह तथा सहयोगी राज पंवार ने एनएसएस के पूर्व स्वयंसेवी एवं 155 बार रक्तदान कर चुके डॉ. अनिल वर्मा को शॉल ओढ़ाकर, विशेष उपहार एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर “एमकेपी एनएसएस रक्तवीर सम्मान” से सम्मानित किया। डॉ. वर्मा ने सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया।
प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को फायर फाइटिंग के अंतर्गत घरेलू आग, विशेषकर गैस सिलिंडर में लगी आग बुझाने के उपाय तथा विभिन्न रासायनिक अग्निशमन उपकरणों के उपयोग का अभ्यास कराया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन में भूकंप, बाढ़, भूस्खलन, जंगल की आग, युद्ध या आतंकी घटनाओं के दौरान घायलों को सुरक्षित निकालने की तकनीकों—फायरमैन लिफ्ट, ह्यूमन क्रैडल, ह्यूमन क्रच, मंकी क्रॉल, टो ड्रैग, चेयर नॉट रोप रेस्क्यू, बो-लाइन नॉट ड्रैग एवं इम्प्रोवाइज्ड स्ट्रेचर—का प्रशिक्षण दिया गया।
फर्स्ट एड प्रशिक्षण में आग से जलने, रक्तस्राव रोकने, कृत्रिम श्वसन, फ्रैक्चर, हार्ट अटैक के दौरान सीपीआर तकनीक के साथ-साथ एनीमिया, थैलेसीमिया, हीमोफीलिया, सिकल सेल, डेंगू, टीबी और एड्स से बचाव व उपचार की जानकारी दी गई। विशेष सत्र “जान है तो जहान है” अभियान के तहत सीपीआर का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी कराया गया। साथ ही रक्तदान, नेत्रदान, देहदान, नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
डॉ. अनिल वर्मा के निर्देशन एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी किरन सिंह के नेतृत्व में टीम लीडर सिमरन शर्मा, दुर्गेश्वरी चौहान, बबली आर्य, प्राची, तनु चौधरी, अंशी रावत, आंचल, आयुषी, कविता, वंशिका तोमर, ऐलीना, सृष्टि, मुस्कान, शालिनी, भावना, साक्षी सहित स्वयंसेवियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का संचालन किरन सिंह ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन राज पंवार ने किया।








