नई दिल्ली, 27 अप्रैल । महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (PMRBP) 2026 के लिए नामांकन आमंत्रित किए हैं। यह देश का एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार है, जो हर वर्ष बच्चों की असाधारण उपलब्धियों को सम्मानित करने के लिए दिया जाता है।
यह पुरस्कार वीरता, खेल, सामाजिक सेवा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पर्यावरण तथा कला एवं संस्कृति जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को प्रदान किया जाता है।
मंत्रालय के अनुसार, भारत में रहने वाला कोई भी भारतीय नागरिक बच्चा, जिसकी आयु 31 जुलाई 2026 तक 5 वर्ष से 18 वर्ष के बीच है, इस पुरस्कार के लिए पात्र होगा।
नामांकन केवल ऑनलाइन माध्यम से National Awards Portal के जरिए स्वीकार किए जाएंगे। इच्छुक अभ्यर्थी स्वयं भी आवेदन कर सकते हैं या किसी योग्य बच्चे के लिए अनुशंसा भी कर सकते हैं।
ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। मंत्रालय ने अधिक से अधिक योग्य बच्चों के नामांकन सुनिश्चित करने की अपील की है।
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक उम्मीदवार राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर विजिट कर सकते हैं।








