
देहरादून 04 मई। संयुक्त नागरिक संगठन देहरादून के पदाधिकारियों ने आज समाज कल्याण मंत्री खजानदास से मुलाकात कर वरिष्ठ नागरिकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण तथा कल्याण नियमावली, 2011 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्य एवं जनपद स्तर पर समितियों के गठन की मांग भी रखी।
मंत्री खजानदास ने संगठन की बातों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित सचिव और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुजुर्गों के सम्मान और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध हैं। सरकार समय-समय पर वरिष्ठ नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से सुझाव लेकर उनकी समस्याओं का निवारण सुनिश्चित करती है।
मंत्री ने बताया कि शीघ्र ही समाज कल्याण विभाग के अधिनियम के तहत अधिकारियों के साथ बैठक कर अब तक समितियों के गठन की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इस प्रक्रिया में वरिष्ठ नागरिक संगठनों के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाएगा, ताकि उनके सुझावों के आधार पर ठोस निर्णय लिए जा सकें।
उन्होंने कहा कि बैठक में बुजुर्गों के स्वास्थ्य, सुरक्षा, संचार, पेंशन और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़ी समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही पुलिस थानों, अस्पतालों, परिवहन केंद्रों और अन्य सरकारी कार्यालयों में वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानपूर्वक प्राथमिकता देने के निर्देश भी सुनिश्चित किए जाएंगे।
प्रतिनिधिमंडल में गिरीश चन्द्र, नरेश चन्द्र, कुला श्री, मुकेश नारायण, महासचिव सुशील त्यागी, सचिव देवेंद्र पाल ‘मोंटी’, अश्वनी कुमार बख्शी, खुशवीर सिंह, प्रकाश नागिया, डॉ. दिनेश सक्सेना, केशव चन्द्र उनियाल, डॉ. राकेश डंगवाल, रजनीश मित्तल, एल.आर. कोठियाल, जसवीर सिंह, ठाकुर शेर सिंह और एस.के. गुप्ता सहित कई वरिष्ठ नागरिक शामिल रहे।







