
देहरादून, 01 जनवरी ।
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने नववर्ष के शुभ अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। सचिवालय परिसर में आयोजित नववर्ष कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सचिवालय परिवार सहित समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, आनंदमय एवं खुशहाल जीवन की कामना की।
इस अवसर पर सचिवालय परिसर में उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि सचिवालय राज्य की सर्वोच्च संस्था है, जहां से प्रदेश की समस्त नीतियां एवं महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस संस्था की गरिमा बनाए रखना तथा इसके उद्देश्यों को प्रभावी रूप से क्रियान्वित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्य सचिव ने नववर्ष के अवसर पर संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि सचिवालय की कार्यप्रणाली और प्रतिष्ठा न केवल उत्तराखण्ड बल्कि अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणास्रोत बननी चाहिए। उन्होंने प्रदेशवासियों की सेवा एवं उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए Whole of Government Approach के तहत Single Entity के रूप में कार्य करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में अपर सचिव नवनीत पाण्डेय, सचिवालय संघ के पदाधिकारी तथा सचिवालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।




