नयार घाटी का सर्वांगीण विकास मेरी प्राथमिकता: सतपाल महाराज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सतपुली में दसंवे नयार घाटी पंचायत महोत्सव में बोले कैबिनेट मंत्री
सतपुली (पौड़ी), 28 दिसंबर।
प्रदेश के पंचायतीराज, ग्रामीण निर्माण, लोक निर्माण, पर्यटन, सिंचाई, जलागम, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री तथा चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने कहा कि नयार घाटी का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए निरंतर ठोस प्रयास किए जा रहे हैं।
रविवार को सतपुली नगर पंचायत के दसंवे नयार घाटी पंचायत महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए श्री महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सतपुली नगर पंचायत क्षेत्र में ₹56 करोड़ 34 लाख की लागत से बहुप्रतीक्षित झील का निर्माण कार्य तीव्र गति से चल रहा है, जबकि ₹1 करोड़ 61 लाख की लागत से निर्माणाधीन नगर पंचायत भवन का कार्य 95 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि
₹76 लाख की लागत से दंगलेश्वर महादेव मंदिर में स्नानागार एवं सौंदर्यीकरण कार्य,
₹2 करोड़ 81 लाख की लागत से बहुमंजिला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, शौचालय एवं पार्किंग निर्माण,
ओडल बड़ा में गौशाला निर्माण,
पर्यटन विभाग द्वारा ₹4 करोड़ 42 लाख की लागत से 40 शैय्या पर्यटन आवास गृह (95% पूर्ण),
₹3 करोड़ 52 लाख की लागत से कार पार्किंग निर्माण कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने कहा कि ₹25 करोड़ 56 लाख की लागत से सतपुली नगरीय पंपिंग पेयजल योजना का निर्माण किया जा रहा है। वहीं गुमखाल-सतपुली मोटर मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए ₹400 करोड़ की स्वीकृति के साथ कार्य चल रहा है।
महोत्सव में नगर पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र चौहान, संयोजक जगदंबा डंगवाल, लैंसडौन विधायक दिलीप रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर, विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता उम्मेद सिंह रावत ने की।
अटल जी का संपूर्ण जीवन युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत: सतपाल महाराज
अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी पर सतपुली में अटल स्मृति समारोह
सतपुली (पौड़ी), 28 दिसंबर।
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने कहा कि भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी का संपूर्ण जीवन आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का अमूल्य स्रोत है।
रविवार को सतपुली में आयोजित अटल स्मृति समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए श्री महाराज ने कहा कि अटल जी ने सिद्धांतों, संस्कारों और संवाद की राजनीति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उन्होंने विषम परिस्थितियों में भी अपने मूल्यों से कभी समझौता नहीं किया।
उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी एक कुशल प्रशासक, प्रखर वक्ता, संवेदनशील कवि और दूरदर्शी राजनेता थे, जिन्होंने भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई। पोखरण परमाणु परीक्षण, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना और पड़ोसी देशों से संवाद की नीति उनके दूरदर्शी नेतृत्व के ऐतिहासिक उदाहरण हैं।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर, सिंचाई सलाहकार ऋषि कंडवाल, विभिन्न मोर्चों के जिलाध्यक्ष, मंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बीकेटीसी के पूर्व सदस्य पुष्कर जोशी ने की ।

Leave a Comment

और पढ़ें