मुख्यमंत्री ने 4224 श्रमिकों को ₹12.89 करोड़ की सहायता राशि डीबीटी से की हस्तान्तरित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


राज्य के 191 कॉमन सर्विस सेंटरों में श्रमिक सहायता हेतु विशेष व्यवस्था का शुभारंभ
देहरादून 27 दिसंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं के 4224 श्रमिक लाभार्थियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से ₹12 करोड़ 89 लाख 85 हजार की धनराशि हस्तान्तरित की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने राज्य के 191 कॉमन सर्विस सेंटरों (सीएससी) में श्रमिकों की सहायता के लिए विशेष व्यवस्था का शुभारंभ भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों की हर समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। श्रमिकों और उनके आश्रितों के लिए चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से उन्हें आर्थिक सुरक्षा, सामाजिक संरक्षण और सम्मानजनक जीवन प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि श्रमिकों एवं उनके परिवारों की आजीविका सुदृढ़ करने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रमों के जरिए कौशल विकास से भी जोड़ा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिक राज्य के विकास की सबसे मजबूत नींव हैं। बुनियादी ढांचे के निर्माण में उनका योगदान अतुलनीय है। सरकार का दायित्व है कि प्रदेश के विकास में अहम भूमिका निभाने वाले श्रमिकों और उनके परिजनों का भविष्य सुरक्षित किया जाए। 191 कॉमन सर्विस सेंटरों में शुरू की गई विशेष व्यवस्था से अब श्रमिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। ब्लॉक, तहसील और गांव स्तर पर ही सीएससी के माध्यम से पंजीकरण, नवीनीकरण और योजनाओं से जुड़ी सभी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि कर्मकार बोर्ड द्वारा विगत छह माह में अब तक ₹51 करोड़ की धनराशि श्रमिकों एवं उनके परिजनों के खातों में हस्तान्तरित की जा चुकी है। इससे पूर्व पंजीकरण, नवीनीकरण और लाभ आवेदन की सुविधा विकासखंड स्तर पर भी प्रारंभ की जा चुकी है।
कार्यक्रम में श्रम आयुक्त पी.सी. दुम्का ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बोर्ड निरंतर श्रमिक हित में कार्य कर रहा है। भविष्य में भी मुख्यमंत्री के विजन—सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि—के अनुरूप कार्य किए जाएंगे।
इस अवसर पर अध्यक्ष राज्य संविदा श्रम सलाहकार बोर्ड कैलाश पंत, उप श्रम आयुक्त विपिन कुमार, सहायक श्रम आयुक्त धर्मराज, आईटी एक्सपर्ट दुर्गा चमोली सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें