स्वास्थ्य सेवाओं में नवाचार और उत्कृष्ट कार्यों के लिए डॉ. आर. राजेश कुमार को पीआरएसआई राष्ट्रीय सम्मान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


टेलीमेडिसिन और एयर एम्बुलेंस से बदली उत्तराखंड की स्वास्थ्य तस्वीर

देहरादून 14 दिसंबर ।उत्तराखंड की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और आधुनिक बनाने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले राज्य के स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार को पब्लिक रिलेशन सोसाइटी ऑफ इंडिया (पीआरएसआई) द्वारा राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार उन्हें विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण तथा पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने प्रदान किया।

सम्मान समारोह में डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के मार्गदर्शन में राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार और नवाचार की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के लिए टेलीमेडिसिन सेवाओं का व्यापक विस्तार किया गया है। साथ ही गंभीर और आपातकालीन स्थितियों में त्वरित उपचार सुनिश्चित करने के लिए एयर एम्बुलेंस सेवा शुरू की गई है, जिससे कई जीवन बचाए जा रहे हैं।

डॉ. आर. राजेश कुमार ने यह सम्मान मुख्यमंत्री के नेतृत्व और स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को समर्पित करते हुए कहा कि राज्य का लक्ष्य अंतिम छोर तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।

उनके नेतृत्व में बीते वर्षों में उत्तराखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था में उल्लेखनीय बदलाव देखने को मिले हैं। पहाड़ी और दूरस्थ क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को दूर करने के लिए डिजिटल तकनीक का प्रभावी उपयोग किया गया है। इसके साथ ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवानिवृत्ति आयु में वृद्धि, नई नियुक्तियां, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों को सशक्त करना और आधारभूत स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने जैसे कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

विशेष रूप से टेलीमेडिसिन सेवाओं ने उन इलाकों में भी विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराया है, जहां पहले उन्नत चिकित्सा सुविधाएं पहुंच से बाहर थीं। इन नवाचारों के चलते उत्तराखंड स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक मॉडल राज्य के रूप में उभर रहा है। पीआरएसआई द्वारा प्रदान किया गया यह राष्ट्रीय सम्मान राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं में किए जा रहे निरंतर और प्रभावी प्रयासों की सशक्त पहचान है।

Leave a Comment

और पढ़ें