देश के विकास में जनसंचार की निर्णायक भूमिका : डॉ. निशंक
स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान के लिए स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित
देहरादून 14 दिसंबर ।महिलाओं का वास्तविक सशक्तीकरण तभी संभव है, जब वे आर्थिक रूप से स्वतंत्र हों। रोजगार, उद्यमिता और निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की समान भागीदारी के बिना समावेशी विकास की परिकल्पना अधूरी है। यह बात उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कही।
विधानसभा अध्यक्ष रविवार को सहस्रधारा रोड स्थित होटल द एमराल्ड ग्रैंड में आयोजित पब्लिक रिलेशन सोसाइटी ऑफ इंडिया (पीआरएसआई) के 47वें वार्षिक राष्ट्रीय सम्मेलन के दूसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि आज का युग सूचना और संवाद का है, जहां जनसंचार सरकार और जनता के बीच सेतु का कार्य कर रहा है। पीआरएसआई जैसी संस्थाएं सरकारी नीतियों, योजनाओं और विकास कार्यों को अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
ऋतु खंडूड़ी ने जनसंचार और पब्लिक रिलेशन के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि यह क्षेत्र महिलाओं के लिए व्यापक संभावनाएं प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि पीआर इंडस्ट्री का तेजी से विस्तार हो रहा है, ऐसे में यह जरूरी है कि सूचनाएं विश्वसनीय, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से आम जनता तक पहुंचें। इस अवसर पर उन्होंने जनसंचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभिन्न एजेंसियों, संस्थानों और व्यक्तियों को सम्मानित भी किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने कहा कि जनसंचार और कम्युनिकेशन देश के विकास की रीढ़ बन चुका है। उन्होंने कहा कि पीआरएसआई जैसी संस्थाएं सरकार और समाज के बीच संवाद को मजबूत कर लोकतंत्र की नींव को और सुदृढ़ कर रही हैं। बदलते तकनीकी परिदृश्य में पीआर इंडस्ट्री को नवाचार, डिजिटल माध्यमों और विश्वसनीयता पर विशेष ध्यान देना होगा।
विशिष्ट अतिथि पद्मश्री डॉ. बी.के. संजय ने उत्तराखंड के 25 वर्षों की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राज्य ने शिक्षा, स्वास्थ्य, मेडिकल एजुकेशन और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि मूलभूत सुविधाओं में निरंतर सुधार के साथ उत्तराखंड विकास के नए आयाम छू रहा है।
सम्मेलन के दौरान उत्तराखंड के स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार को राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय योगदान के लिए पीआरएसआई राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण और डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ द्वारा प्रदान किया गया।
सम्मान ग्रहण करते हुए डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के मार्गदर्शन में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार सुधार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि टेलीमेडिसिन सेवाओं का विस्तार किया गया है और दुर्गम क्षेत्रों के लिए एयर एम्बुलेंस सेवा शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान मुख्यमंत्री के नेतृत्व और स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को समर्पित है

सम्मेलन में पीआरएसआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजीत पाठक ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर गेल के सीईओ संदीप गुप्ता, स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार, सचिव मुख्यमंत्री एवं एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, प्रो. दुर्गेश पंत, संयुक्त निदेशक सूचना नितिन उपाध्याय, वरिष्ठ पत्रकार अनुपम त्रिवेदी सहित देशभर से आए पीआर और मीडिया जगत के अनेक प्रतिष्ठित प्रतिनिधि उपस्थित रहे।








