
घनसाली क्षेत्र के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात, 30 शैय्यायुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वीकृति, 36 नए पद सृजित
देहरादून, 11 दिसंबर।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में घनसाली स्वास्थ्य जन संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री द्वारा सकारात्मक आश्वासन दिए जाने के बाद प्रतिनिधिमंडल ने अपनी प्रस्तावित हड़ताल स्थगित कर दी।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान टिहरी जनपद के पिलखी क्षेत्र के लिए एक बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पिलखी (Type-B) को 30 शैय्यायुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (CHC) के रूप में उच्चीकृत कर दिया गया है। इसके संबंध में शासनादेश भी जारी कर दिया गया है।
36 नए पदों का सृजन, संचालन में नहीं होगी कोई बाधा
मुख्यमंत्री ने बताया कि CHC उन्नयन के साथ शासन द्वारा कुल 36 पदों (26 नियमित + 10 आउटसोर्सिंग) का सृजन किया गया है, ताकि चिकित्सा सेवाएँ सुचारू रूप से संचालित हो सकें। ये सभी पद 28 फरवरी 2026 तक अस्थायी रूप से स्वीकृत किए गए हैं तथा आवश्यकता अनुसार आगे बढ़ाए जा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि इस निर्णय से पिलखी और आसपास के हजारों लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। साथ ही, पदों के सृजन से स्थानीय युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर भी खुलेंगे।
“पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएँ हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता” — मुख्यमंत्री धामी
सीएम धामी ने कहा,
“हमारी सरकार का लक्ष्य है कि पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को उसी स्तर पर विकसित किया जाए जैसा मैदानों में उपलब्ध है। पिलखी में 30 बेड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वीकृति वहाँ के हजारों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करेगी।”
मुख्यमंत्री ने आगे कहा,
“सरकार का संकल्प स्पष्ट है—प्रदेश का कोई भी नागरिक स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रहे। पिलखी CHC को चरणबद्ध तरीके से उन्नत किया जाएगा, आवश्यक पदों की तैनाती, भवन सुधार और चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।”
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया
घनसाली स्वास्थ्य जन संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और कहा कि सरकार की इस पहल से क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में शामिल थे—
संजीव आर्य, विक्रम कपाल, अनुग्रह लाल शाह,गोविन्द दिगारी, सुनीता पवार, कमला पंवार, अनुग्रह कपाल और अंकित नौडियाल।





