HEOC निर्माण में तेज़ी, उत्तराखंड की स्वास्थ्य सुरक्षा को मिलेगा नया आधार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में स्वास्थ्य आपदा प्रबंधन क्षमता में बड़ी बढ़ोतरी, केंद्र सरकार की टीम ने किया निरीक्षण

देहरादून, 11 दिसंबर ।
प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन (PM-ABHIM) के तहत अनुमोदित हेल्थ इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (HEOC) का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है। देहरादून स्थित महानिदेशालय चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण परिसर में बन रहे इस अत्याधुनिक केंद्र का निरीक्षण गुरुवार को भारत सरकार की उच्च स्तरीय टीम ने किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के निर्देशन में चल रही परियोजना पर निरीक्षण टीम ने संतोष व्यक्त किया।

भारत सरकार की टीम ने महानिदेशक स्वास्थ्य डॉ. सुनीता टमटा और HEOC नोडल अधिकारी डॉ. पंकज सिंह के साथ निर्माण स्थल का दौरा कर गुणवत्ता, डिज़ाइन और प्रगति की समीक्षा की। टीम ने राज्य सरकार की पारदर्शी और व्यवस्थित कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि HEOC को एक मॉडल संस्थान के रूप में विकसित करने की दिशा में राज्य और केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता साफ दिखाई देती है।

स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि HEOC के निर्माण का करीब आधा कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य निर्धारित गति से चल रहा है। उम्मीद है कि केंद्र जनवरी 2026 के अंत तक पूर्णत: तैयार हो जाएगा, जिसके बाद केंद्र सरकार इसे स्वास्थ्य विभाग, उत्तराखंड को औपचारिक रूप से हस्तांतरित कर देगी। संचालन के लिए राज्य सरकार पहले से ही प्रशिक्षित और अनुभवी अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान कर रही है।

डॉ. कुमार ने कहा कि HEOC उत्तराखंड को स्वास्थ्य आपात स्थितियों, आपदाओं और महामारियों के दौरान त्वरित, समन्वित और सटीक प्रतिक्रिया देने में सक्षम बनाएगा। यह केंद्र निगरानी, डेटा विश्लेषण, जोखिम मूल्यांकन तथा जिलों के साथ रियल-टाइम समन्वय के लिए अत्याधुनिक तकनीक से लैस होगा। कोविड-19 महामारी और धराली जैसी आपदा स्थितियों से मिले अनुभवों को ध्यान में रखते हुए HEOC को आधुनिक आपात प्रतिक्रिया तंत्र के रूप में डिजाइन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा देशभर में स्थापित किए जा रहे HEOC नेटवर्क का उद्देश्य भविष्य की स्वास्थ्य चुनौतियों के लिए मजबूत तैयारी सुनिश्चित करना है। उत्तराखंड जैसे भौगोलिक रूप से संवेदनशील राज्य के लिए यह परियोजना विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि पहाड़ी क्षेत्रों में आपदा जोखिम और स्वास्थ्य पहुंच से जुड़ी चुनौतियां ज्यादा जटिल हैं। HEOC की स्थापना से राज्य की स्वास्थ्य सुरक्षा को नई मजबूती और दिशा मिलेगी।

डॉ. कुमार ने बताया कि HEOC केवल एक भवन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की भविष्य की स्वास्थ्य सुरक्षा रणनीति का केंद्रीय स्तंभ बनने जा रहा है। केंद्र के शुरू होते ही स्वास्थ्य सेवाओं में एकरूपता, गति और तैयारियों में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

निरीक्षण के दौरान भारत सरकार की टीम में डॉ. सैयद जुल्फेकार अहमद, डॉ. निश्चय केशरी, आशिष और हेमंत नेगी मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से नोडल अधिकारी डॉ. पंकज सिंह और डॉ. सुजाता सिंह उपस्थित रहे।

 

Leave a Comment

और पढ़ें