स्वास्थ्य विभाग में एएनएम व एमपीडब्ल्यू के 48 नए पद सृजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 28 नवम्बर 2025।
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत एएनएम (Auxiliary Nurse Midwife) और एमपीडब्ल्यू (Male Health Worker) के 24-24, कुल 48 पदों के सृजन को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मंजूरी दे दी है। ये सभी पद प्रदेश के विभिन्न स्वास्थ्य उपकेन्द्रों और एएनएम केंद्रों में तैनाती हेतु स्वीकृत किए गए हैं, जिससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत आधार मिलेगा तथा टीकाकरण अभियान सहित मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार होगा।

राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और विस्तार के लिए लगातार प्रयासरत है, ताकि आमजन को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। इसी क्रम में प्रदेश के 9 जनपदों में पूर्व से संचालित 15 तथा नव प्रस्तावित 8 स्वास्थ्य उपकेन्द्रों के लिए एएनएम एवं एमपीडब्ल्यू के 23-23 पद स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त उत्तरकाशी जनपद के नौगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत कंसेरू में आईपीएचएस मानकों के तहत एएनएम व एमपीडब्ल्यू के 1-1 पद सृजित किए गए हैं।

स्वीकृत 24 एमपीडब्ल्यू पद आउटसोर्स के माध्यम से भरे जाएंगे, जबकि 24 एएनएम पदों को सीधी भर्ती द्वारा भरा जाएगा। राज्य सरकार पहले से रिक्त एएनएम पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया जारी रखे हुए है, और नवसृजित पदों पर भी शीघ्र तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। इन तैनातियों से स्वास्थ्य उपकेन्द्रों पर प्राथमिक चिकित्सा सेवाएं सुचारू रूप से उपलब्ध होंगी, गर्भवती महिलाओं की देखभाल, नवजात शिशु स्वास्थ्य प्रबंधन तथा टीकाकरण सेवाएं मजबूत होंगी।

डॉ. धन सिंह रावत, स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि
“स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत एएनएम व एमपीडब्ल्यू के 24-24 पद सृजित कर दिए गए हैं। इन पदों पर शीघ्र तैनाती की जाएगी। इससे आमजन को प्राथमिक स्तर पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं और मातृ-शिशु देखभाल तथा टीकाकरण में उल्लेखनीय सुधार होगा।”

 

Leave a Comment