अभाविप की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद बैठक देहरादून में संपन्न, ‘समाज परिवर्तन का वाहक बने युवा’ प्रस्ताव पारित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

देहरादून, 27 नवंबर 2025
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की एक-दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद बैठक गुरुवार को देहरादून के परेड ग्राउंड में बसाए गए भगवान बिरसा मुंडा नगर में संपन्न हुई। बैठक का शुभारंभ अभाविप के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. राजशरण शाही, राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी और राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री आशीष चौहान ने किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह-सरकार्यवाह माननीय मुकुंद सी.आर. जी की उपस्थित विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। बैठक में देशभर के 46 प्रांतों से कुल 468 प्रतिनिधियों की भागीदारी अपेक्षित रही।

बैठक में शिक्षा, समाज, पर्यावरण, सेवा, खेल और तकनीकी से जुड़े समसामयिक विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस वर्ष चले व्यापक सदस्यता अभियान के अनुभव भी प्रतिनिधियों ने साझा किए। अंत में परिषद द्वारा महत्वपूर्ण प्रस्ताव “समाज परिवर्तन का वाहक बने युवा” सर्वसम्मति से पारित किया गया। पिछले फरवरी-मार्च में द्वारका (गुजरात) में आयोजित विचार-बैठक के करणीय बिंदुओं को भी इस कार्यकारी परिषद द्वारा अनुमोदित किए जाने की तैयारी है।

अधिवेशन का प्रमुख आकर्षण रही “रानी अब्बक्का प्रदर्शनी” का भव्य उद्घाटन पतंजलि योग ट्रस्ट के महासचिव आचार्य बालकृष्ण और उत्तराखण्ड के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने किया। प्रदर्शनी का थीम “देवभूमि से राष्ट्रभूमि तक—उत्तराखण्ड के 25 वर्षों की यात्रा एवं विजन 2047 के संदर्भ में राष्ट्रीय पुनर्जागरण” रखा गया है।

रानी अब्बक्का की 500वीं जन्म शताब्दी पर कर्नाटक से निकली 3000 किमी लंबी “रानी अब्बक्का कलश यात्रा” और भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर झारखंड के उलिहातु से निकली “भगवान बिरसा संदेश यात्रा” भी आज अधिवेशन स्थल पहुंची। यात्राओं से आए जल और मिट्टी के कलशों को पूरे सम्मान के साथ प्रांगण में स्थापित किया गया।

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए अभाविप के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. राजशरण शाही ने कहा कि परिषद ने शिक्षा और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सकारात्मक परिवर्तन का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति आधारित नेतृत्व ही युवाओं के राष्ट्रनिर्माण को नई दिशा दे सकता है और अभाविप इसी दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।

राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि बैठक में संगठनात्मक व कार्यक्रियात्मक मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अधिवेशन की ऊर्जा के साथ अभाविप कार्यकर्ता अपने-अपने केंद्रों पर और अधिक दृढ़ता से काम करेंगे। उन्होंने कहा कि छात्रशक्ति देशभर में अब और तीव्र गति से आगे बढ़ेंगी ।

Leave a Comment