अभाविप की केंद्रीय कार्यसमिति बैठक देहरादून में सम्पन्न, 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन के लिए पाँच महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर हुई गहन चर्चा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 26 नवम्बर।अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की एक-दिवसीय केंद्रीय कार्यसमिति बैठक बुधवार को देवभूमि उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सम्पन्न हुई। परेड ग्राउंड में बसाए गए ‘भगवान बिरसा मुंडा नगर’ के ‘स्वर्गीय राधेश्याम बैठक कक्ष’ में आयोजित इस बैठक का उद्घाटन राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) राजशरण शाही, राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी और राष्ट्रीय संगठन मंत्री आशीष चौहान ने किया। देशभर से कुल 107 प्रतिनिधियों ने इसमें भाग लिया।
बैठक की शुरुआत गुरु तेग बहादुर जी के 350वें बलिदान दिवस के उपलक्ष्य में विशेष आयोजन के साथ हुई। दिल्ली स्थित गुरुद्वारा शीशगंज साहिब से लाए गए पवित्र जल-कलश को भव्य स्वागत के उपरांत मुख्य सभागार में स्थापित किया गया। अभाविप पदाधिकारियों का कहना है कि यह जल-कलश युवाओं में गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान की भावना को जागृत करेगा।
बैठक में शिक्षा, समाज परिवर्तन, प्राकृतिक आपदाएं, विभाजनकारी शक्तियां और बांग्लादेशी घुसपैठ जैसे राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर लंबी चर्चा हुई। अभाविप के 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन (28–30 नवंबर) में पारित किए जाने वाले पाँच प्रस्तावों को अंतिम स्वरूप देने के लिए विभिन्न विश्वविद्यालयों, शिक्षाविदों और हितधारकों से प्राप्त सुझावों पर विचार किया गया।
राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने देशभर के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में अभाविप के विजयी छात्रसंघों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। बैठक में अभाविप के विभिन्न आयामों और कार्यक्रमों पर भी विस्तृत प्रस्तुतियां दी गईं।
अभाविप की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद की बैठक 27 नवंबर को देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित होगी। इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर झारखंड के उलिहातु से निकाली गई ‘भगवान बिरसा संदेश यात्रा’ और महारानी अब्बक्का की 500वीं जयंती पर कर्नाटक से निकली ‘महारानी अब्बक्का कलश यात्रा’ भी अधिवेशन स्थल पहुंचेगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) राजशरण शाही ने कहा कि अभाविप की यह बैठक कई दृष्टियों से महत्वपूर्ण रही। उन्होंने कहा, “अभाविप सदैव संवैधानिक और भारतीय मूल्यों की रक्षा के लिए कार्यरत है। भारतीय मूल्य ही विकसित भारत की राह प्रशस्त करेंगे।”
राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. सोलंकी ने कहा कि बैठक में शिक्षा, समाज, पर्यावरण, तकनीक और सुरक्षा जैसे विषयों पर व्यापक चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि तैयार किए गए पाँच प्रस्तावों में आए सुझावों को सम्मिलित कर 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन में उन्हें पारित किया जाएगा। प्रस्तावों के अनुमोदन के बाद देशभर के अभाविप कार्यकर्ता इनके प्रभावी क्रियान्वयन में जुटेंगे।

Leave a Comment