
देहरादून, 27 नवंबर । जिलाधिकारी सविन बंसल ने बुधवार को ऋषिपर्णा सभागार में सरकारी परिसम्पत्तियों को अतिक्रमण-मुक्त करने की प्रगति की 5वीं अन्तर्विभागीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में डीएम ने सभी विभागों को स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई न करने पर सम्बन्धित अधिकारियों का वेतन रोका जाएगा, साथ ही निलम्बन व सेवाबाधित जैसी कड़ी कार्यवाही भी की जाएगी।
डीएम ने कहा कि जिस विभाग की भूमि, भवन, सड़क, नहर, कार्यालय परिसर या अन्य परिसम्पत्तियों पर अतिक्रमण चिन्हित है, उसे समयबद्ध तरीके से हटाना अनिवार्य है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से उनकी-उनकी परिसम्पत्तियों से अतिक्रमण हटाने की स्पष्ट समयसीमा मांगी। जिन विभागों की भूमि पर कोई अतिक्रमण नहीं है, उन्हें आज ही प्रमाण पत्र देकर विवरण गूगल शीट पर अपडेट करने के निर्देश दिए।
बैठक की सूचना के बाद ईओ हरबर्टपुर द्वारा केवल पत्राचार चलाने की जानकारी पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और चेतावनी दी कि दो दिनों में अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो निलम्बन की कार्रवाई तय होगी। डीएम ने कहा कि अधिकारी “चिठ्ठीबाजी” छोड़कर आपसी समन्वय से धरातल पर परिणाम दिखाएँ।
जिलाधिकारी ने कहा कि अतिक्रमण सरकारी योजनाओं तथा सार्वजनिक सुविधाओं में बाधा उत्पन्न करता है और कानून-व्यवस्था को भी प्रभावित करता है। उन्होंने सभी विभागों को दो दिन के भीतर परिसम्पत्तियों का अद्यतन विवरण व अतिक्रमण की स्थिति रिपोर्ट देने के निर्देश जारी किए। कार्रवाई के दौरान वीडियोग्राफी, साइट मैपिंग, राजस्व अभिलेख मिलान तथा सुरक्षा व्यवस्था को अनिवार्य बताया।
विभागीय प्रगति
<span;><span;>- नगर पालिका परिषद मसूरी: 99 चिन्हित अतिक्रमण में से 09 हटाए
<span;><span;>- नगर निगम देहरादून: 203 में से 194 अतिक्रमण हटाए
<span;><span;>- सिंचाई विभाग: 315 में से 221 अतिक्रमणमुक्त
<span;><span;>- लोनिवि प्रांतीय खण्ड: 125 में से 87 हटाए
<span;><span;>- लोनिवि ऋषिकेश: 274 में से 79 हटाए
<span;><span;>- एनएच देहरादून: 4 में से 2 अतिक्रमण हटाए
<span;><span;>- एनएच डोईवाला: 9 में से 7 अतिक्रमणमुक्त
<span;><span;>- तहसील सदर: 54 में से 49 हटाए
<span;><span;>- ऋषिकेश: 46 में से 30 अतिक्रमणमुक्त
<span;><span;>- विकासनगर: 34 में से 20 हटाए
<span;><span;>- डोईवाला: 26 में से 19 हटाए
<span;><span;>- चकराता, कालसी, त्यूनी में कुल 15 अतिक्रमण चिन्हित
बैठक में मुख्य रूप से प्रभावी वनाधिकारी नीरज शर्मा, एडीएम के.के. मिश्रा, नगर आयुक्त ऋषिकेश गोपालराम बिनवाल, उप नगर आयुक्त देहरादून संतोष कुमार पांडेय, विभिन्न उप जिलाधिकारी सहित राजस्व, सिंचाई, लोनिवि, वन और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








