अजमेर/देहरादून 23 नवंबर।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को राजस्थान के तीर्थराज पुष्कर पहुंचकर विश्वप्रसिद्ध श्री ब्रह्मा जी मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रजापिता ब्रह्मा जी से उत्तराखंड राज्य एवं सभी प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।
इस दौरान सीएम धामी ने कहा कि तीर्थराज पुष्कर सनातन संस्कृति, तप, योग और अध्यात्म का अनादि काल से मुख्य केंद्र रहा है। यहां का आध्यात्मिक वातावरण हर आगंतुक को अद्भुत शांति और दिव्यता का अनुभव कराता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और देश के सभी तीर्थस्थलों से हमेशा आस्था का अटूट संबंध बना रहा है।
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर प्रांगण में कुछ समय ध्यान भी लगाया। स्थानीय श्रद्धालुओं और पुजारियों ने परंपरागत विधि से मुख्यमंत्री का स्वागत किया।








