पॉलीहाउस तकनीक से खेती में नई क्रांति: कृषि मंत्री जोशी ने 28 किसानों को पंतनगर प्रशिक्षण के लिए रवाना किया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 23 नवंबर ।कृषि मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को कैंप कार्यालय हाथीबड़कलां से नाबार्ड योजनांतर्गत स्थापित पॉलीहाउस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए चयनित 28 किसानों के दल को गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह प्रशिक्षण पांच दिवसीय होगा।

मंत्री जोशी ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। नाबार्ड के सहयोग से प्रदेश में 50 हजार पॉलीहाउस स्थापित किए जाने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे कृषि क्षेत्र में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि पॉलीहाउस तकनीक से नियंत्रित वातावरण में उच्च गुणवत्ता वाली सब्जियों का उत्पादन संभव है, जिन्हें बाजार में दो से तीन गुना अधिक मूल्य मिलता है, जिससे किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

जोशी ने कहा कि पलायन रोकने में कृषि और बागवानी की महत्वपूर्ण भूमिका है। ग्रामीण इलाकों में लौटे प्रवासी सबसे अधिक कृषि एवं बागवानी क्षेत्र में स्वरोजगार की संभावनाएं तलाश रहे हैं। ऐसे में सरकार का लक्ष्य है कि ग्रामीणों को कृषि आधारित आजीविका से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जाए। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के लिए रवाना हो रहा 28 किसानों का दल पंतनगर विश्वविद्यालय में आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण लेकर मास्टर ट्रेनर के रूप में तैयार होगा और आगे गांव–गांव अन्य किसानों को प्रशिक्षण देगा।

मंत्री ने कहा कि पॉलीहाउस के संचालन और रखरखाव के लिए विशेषज्ञों द्वारा निरंतर तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उत्पादन में और बढ़ोतरी सुनिश्चित होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करेगी और युवाओं को कृषि उद्यमिता से जोड़कर गांवों में रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगी।

इस मौके पर मुख्य उद्यान अधिकारी देहरादून डॉ. दिनेश कुमार तिवारी सहित कई किसान उपस्थित रहे।

 

Leave a Comment

और पढ़ें