देहरादून 22 नवम्बर।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि दिव्यांगजन केवल मदद के पात्र नहीं, बल्कि सम्मान, आत्मविश्वास और अवसर के हकदार हैं। इसी भावना के साथ केंद्र और राज्य सरकार लगातार दिव्यांगजनों के लिए योजनाएं संचालित कर रही हैं। मंत्री जोशी राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान देहरादून परिसर में आयोजित मोटराइज्ड (इलेक्ट्रिक) ट्राईसाइकिल वितरण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। पावर फाइनेंस कॉर्पोरेशन लिमिटेड (पीएफसी) की सीएसआर निधि से 169 दिव्यांगजनों को निशुल्क इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिलें वितरित की गईं।
मंत्री ने इस सराहनीय पहल के लिए पीएफसी के अधिकारियों को बधाई दी और बताया कि निगमित सामाजिक दायित्व (CSR) के अंतर्गत लगभग 1 करोड़ रुपये की धनराशि इस कार्य के लिए उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘विकलांग’ से ‘दिव्यांग’ जैसा सम्मानजनक संबोधन दिया जाना सामाजिक संवेदनशीलता का प्रतीक है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के उत्थान के लिए निरंतर नई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लक्ष्य उनके जीवन को अधिक सुलभ, सम्मानजनक और आत्मनिर्भर बनाना है।
जोशी ने कहा कि केंद्र सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र को साकार करते हुए समाज के अंतिम पंक्ति के वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। देशभर में दिव्यांगजनों के लिए एक केंद्रीकृत डेटा बेस बनाने हेतु विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र परियोजना शुरू की गई है, जो अब देश के सभी 785 जिलों में लागू हो चुकी है।
मंत्री ने बताया कि पूरे देश में प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्रों की स्थापना की जा रही है। उत्तराखंड में देहरादून, ऋषिकेश और हल्द्वानी में ऐसे तीन केंद्र पहले ही कार्यरत हैं। इसके अतिरिक्त भारतीय सांकेतिक भाषा को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली में एक समर्पित संस्थान स्थापित किया गया है। आईएसएल डिक्शनरी में पहले 10,000 शब्द शामिल थे, अब इसमें 2,500 नए शब्द जोड़कर इसे 10 भाषाओं में विकसित किया जा रहा है, जिससे बधिरजनों को विशेष लाभ मिलेगा।
दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल सौंपते हुए मंत्री जोशी ने कहा कि ये मोटराइज्ड ट्राईसाइकिलें न सिर्फ उनकी गतिशीलता बढ़ाएंगी, बल्कि रोजगार, शिक्षा और सामाजिक सहभागिता के नए अवसर भी पैदा करेंगी। राज्य सरकार का प्रयास है कि दिव्यांगजन शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, परिवहन और सामाजिक सुरक्षा जैसी सभी सुविधाओं से बराबरी के साथ लाभान्वित हों।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक पीएफसी दुर्गेश रंगेरा, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, वरिष्ठ प्रबंधक एलिम्को हरीश कुमार, एनआईवीएच आदर्श स्कूल के प्रधानाचार्य अमित शर्मा, अनिल सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।








