देहरादून 16 नवंबर ।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को नयागांव विजयपुर हाथीबड़कला स्थित सामुदायिक भवन में ₹619.66 लाख की लागत से निर्मित होने वाली ट्यूबवेल एवं ओवरहेड टैंक पेयजल योजना का विधिवत शिलान्यास किया। कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों ने मंत्री जोशी का स्वागत करते हुए इस महत्वपूर्ण पेयजल परियोजना के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार तेजी से विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार जिन योजनाओं का शिलान्यास करती है, उनका समय पर लोकार्पण भी सुनिश्चित किया जाता है। उन्होंने बताया कि सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र के साथ जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार “जनता की सरकार–जनता के द्वार” की भावना के साथ संवेदनशीलता पूर्वक कार्य कर रही है। किसी भी छोटी या बड़ी घटना की स्थिति में मुख्यमंत्री व मंत्रीगण तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति की समीक्षा करते हैं, जो सरकार की संवेदनशील कार्यशैली को दर्शाता है। मंत्री जोशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएँ। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के पूर्ण होने पर क्षेत्र के हजारों लोगों को नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होगी और यह योजना स्थानीय पेयजल व्यवस्था को मजबूत बनाते हुए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी।
इस दौरान मंत्री जोशी ने नयागांव सड़क चौड़ीकरण, नवादा स्थित ब्राह्मण सभा भवन में टिन शेड निर्माण तथा सामुदायिक भवन के लिए जनरेटर सेट उपलब्ध कराने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि भारतीय सर्वेक्षण विभाग से वार्ता कर सड़क मार्ग खोलने की कार्यवाही को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, ज्योति कोटिया, संध्या थापा, सरोज गुरुंग, हेमा कुमारी प्रधान, राजेंद्र खंडवाल, माधो प्रसाद, राजेंद्र सिंह थापा, समीर डोभाल, कैप्टन दिनेश प्रधान, सुखदेव गुरुंग, मीन बहादुर, जूना गुरुंग, जल निगम के ईई दीपक नौटियाल, ईई सचिन कुमार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।







