देहरादून, 12 नवम्बर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में विकास से जुड़ी योजनाओं के लिए कुल ₹81.52 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनसुविधाओं के विस्तार और बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है ताकि प्रत्येक क्षेत्र का संतुलित विकास सुनिश्चित हो सके।
मुख्यमंत्री द्वारा मिसिंग लिंक फंडिंग कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद चमोली में गोपीनाथ मंदिर मार्ग का स्थानीय शैली में निर्माण किए जाने हेतु ₹9.79 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके साथ ही पंचम राज्य वित्त आयोग के अंतर्गत नगर पंचायत गूलरभोज क्षेत्र में मछली बाजार में दुकानों के निर्माण हेतु ₹54.37 लाख तथा स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 के अंतर्गत नगर निगम कोटद्वार स्थित लीगेसी वेस्ट के निस्तारण हेतु केंद्रांश के रूप में ₹33.26 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने राज्य योजनान्तर्गत जनपद चमोली के विधानसभा क्षेत्र बद्रीनाथ में जवाग्वाड के पास धौली नदी पर 120 मीटर स्पान के पैदल झूला पुल के निर्माण के लिए ₹9.98 करोड़, जनपद टिहरी गढ़वाल के विधानसभा क्षेत्र धनोल्टी में थत्यूड–मराड मोटर मार्ग के निर्माण के लिए ₹3.34 करोड़, तथा जनपद अल्मोड़ा के विधानसभा क्षेत्र सल्ट में तल्ली चम्याड़ी से रणतखाल मोटर मार्ग के अवशेष निर्माण कार्य हेतु ₹5.64 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने पुलिस लाइन रेसकोर्स देहरादून में टाइप द्वितीय (ब्लॉक-बी) के 120 आवासों के निर्माण हेतु ₹50.79 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। इसके साथ ही क्षेत्रीय संपर्क योजना के अंतर्गत जनपद नैनीताल के विकासखंड भीमताल के नौकुचियाताल (सिलोटीपंत) हैलीपैड में कार्यालय भवन, यात्री विश्राम स्थल तथा हैलीपैड की सतह पर पेंटिंग कार्य हेतु ₹24.68 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त राजकीय मुद्रणालय, रुड़की के प्रयोगार्थ कलर्ड मल्टीफंक्शन मुद्रण मशीन, डिजिटल मुद्रण मशीन तथा डाक्यूमेंट डुप्लीकेटर मुद्रण मशीन की खरीद के लिए ₹85.69 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन स्वीकृतियों से जनसुविधाओं का विस्तार होगा, आधारभूत ढांचा मजबूत होगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत परियोजनाओं का कार्य निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्वक पूरा किया जाए ताकि जनता को शीघ्र लाभ मिल सके।







