देहरादून, 11 नवंबर 2025।
भाजपा महिला मोर्चा प्रदेशभर में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को लेकर ‘आत्मनिर्भर भारत सम्मेलन’ का जिला स्तर पर आयोजन करने जा रहा है। इस संबंध में जानकारी देते हुए भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि चौहान भट्ट ने बताया कि संगठन के माध्यम से राज्य के सभी 19 जिलों में बड़े सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिनमें महिला उद्यमियों, स्वयंसेवी संगठनों और ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आमंत्रित किया जाएगा।
श्रीमती भट्ट ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए कई प्रभावी योजनाएं लागू की गई हैं। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में राज्य की जीजीडीपी में 1.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, वहीं प्रति व्यक्ति आय में 26 गुना बढ़ोतरी दर्ज की गई है।भट्ट ने कहा कि राज्य में रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, पिछले एक वर्ष में बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी आई है। उन्होंने बताया कि स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार देने के लिए ‘हाउस ऑफ हिमालय’ ब्रांड की शुरुआत की गई है, जिससे राज्य के सुदूरवर्ती क्षेत्रों की महिलाएं अपने उत्पाद देश और विदेशों तक पहुंचा रही हैं।प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत 50 लाख रुपए तक की परियोजनाओं पर सब्सिडी दी जा रही है और पिछले पांच वर्षों में 40 हजार से अधिक सूक्ष्म एवं लघु उद्योग इकाइयां स्थापित की गई हैं।इसके अलावा 200 करोड़ रुपए का वेंचर फंड बनाकर स्टार्टअप को प्रोत्साहन दिया गया है। ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के माध्यम से विभिन्न कंपनियों के साथ निवेश समझौते कर राज्य में रोजगार सृजन के नए अवसर खोले गए हैं।भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण प्रदान किया है। बीते चार वर्षों में 26 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी रोजगार के अवसर मिले हैं।उन्होंने बताया कि महिला मोर्चा राज्य सरकार की नारी सशक्तिकरण योजनाओं और उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने के लिए जिला एवं ब्लॉक स्तर पर संवाद और सम्मेलन आयोजित करेगा। इन कार्यक्रमों में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।









