देहरादून 1 नवंबर।
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने शनिवार को एफआरआई पहुंचकर उत्तराखंड रजत जयंती समारोह की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने 9 नवंबर को होने वाले मुख्य कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित दौरे को देखते हुए सुरक्षा समेत सभी इंतजाम चाक-चौबंद रखे जाएं।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में करीब 60 से 70 हजार लोगों की उपस्थिति की संभावना है, ऐसे में आमजन को प्रवेश और निकासी में किसी तरह की दिक्कत न हो, इसकी पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। यातायात और पार्किंग के लिए वृहद प्लान तैयार करने के भी निर्देश दिए ताकि कार्यक्रम के दौरान शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सामान्य बनी रहे।
इस मौके पर डीजीपी दीपम सेठ, सचिव शैलेश बगौली, डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, विनय शंकर पांडेय, विनोद कुमार सुमन, जिलाधिकारी सविन बंसल और महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।








