देवभूमि के 25 साल और आधी आबादी की भूमिका पर मंथन करेंगी महिलाएं : रेखा आर्या

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रजत जयंती पर महिलाओं के लिए विशेष आयोजन की तैयारी, 8 नवंबर को होगा हल्द्वानी में कार्यक्रम

देहरादून 27 अक्टूबर
उत्तराखंड राज्य की रजत जयंती के अवसर पर अब महिलाओं की उपलब्धियों, चुनौतियों और भविष्य की भूमिका पर मंथन किया जाएगा। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने सोमवार को बताया कि इस उद्देश्य से 8 नवंबर को हल्द्वानी के गौलापार स्टेडियम में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

मंत्री रेखा आर्या ने यमुना कॉलोनी स्थित कैंप कार्यालय में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि यह आयोजन पूरे प्रदेश की महिलाओं को केंद्र में रखकर किया जा रहा है, जिसमें बीते 25 वर्षों में महिलाओं की उपलब्धियों के साथ-साथ भविष्य के विकसित भारत—2047 में उनकी भूमिका पर चर्चा होगी।

कार्यक्रम दो भागों में विभाजित होगा। पहले हिस्से में टॉक शो, समूह चर्चा और विजन सत्र के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों की महिलाओं से विचार-विमर्श किया जाएगा। दूसरे हिस्से में झोड़ा, सांस्कृतिक नृत्य, गायन और लोक कला प्रस्तुतियां होंगी।

रेखा आर्या ने बताया कि इस अवसर पर राज्यभर से आने वाली हजारों महिलाएं अपने पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित होकर शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, महिलाओं के विचारों और सुझावों के आधार पर एक ‘विजन डॉक्युमेंट’ तैयार करने की भी योजना है।

मंत्री ने अधिकारियों को कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए और कहा कि यह आयोजन नारी शक्ति के सामूहिक संकल्प का प्रतीक बनेगा।

बैठक में महिला सशक्तिकरण विभाग के निदेशक बंसीलाल राणा, उपनिदेशक विक्रम सिंह, अनुसचिव प्रभा आर्या, मोहित चौधरी और नीतू फुलेरा सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें