सीएम धामी ने कहा कि वाइब्रेंट गांवों की आर्थिकी को मिलेगा नया संबल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

माणा गाँव में देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव का भव्य समापन — सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन और आर्थिकी को नई उड़ान
सीएम धामी बोले — “वाइब्रेंट गांवों की आर्थिकी को मिलेगा नया संबल
सीमांत माणा गाँव में संस्कृति, परंपरा और देशभक्ति का अद्भुत संगम, बद्रीविशाल के किए दर्शन

माणा (चमोली) 26 अक्टूबर । देश के प्रथम गाँव माणा में रविवार को आयोजित दो दिवसीय देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव 2025 का भव्य समापन हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, संस्कृति और आर्थिकी को नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक कदम है।

भारतीय सेना और उत्तराखंड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में स्थानीय समुदायों, पर्यटकों और गणमान्य अतिथियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता, सेना और प्रशासन के समन्वय से आयोजित यह महोत्सव सीमांत गांवों में नई ऊर्जा का संचार करेगा।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन और सेना द्वारा लगाए गए स्टालों और “नो योर आर्मी” प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शनी से भारतीय सेना और नागरिकों के बीच विश्वास और सहयोग का रिश्ता और मजबूत हुआ है। सेना द्वारा प्रदर्शित आधुनिक उपकरणों और मॉडल्स की सीएम ने सराहना की।

महोत्सव में स्कूली बच्चों ने पारंपरिक लोकनृत्य और गीतों की शानदार प्रस्तुतियाँ दीं। मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया और कहा कि गढ़वाली लोक संस्कृति की ये झलकियाँ देवभूमि की असली पहचान हैं। स्थानीय कलाकारों, गढ़वाली बैंड और शिल्पकारों के प्रदर्शन ने भी सभी का मन मोह लिया।

स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय कारीगरों द्वारा लगाए गए स्टॉलों में पारंपरिक बुनाई, लकड़ी के शिल्प, जैविक उत्पाद और स्थानीय व्यंजन पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के उद्देश्यों को साकार करते हुए महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

सीएम धामी ने कहा कि “यह महोत्सव केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि सीमांत क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को सशक्त करने, रोजगार सृजन और रिवर्स पलायन रोकने की दिशा में भी प्रभावी पहल है।”

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने श्री बद्रीविशाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, बीकेटीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विजय थपलियाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सैन्य अधिकारी व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें