भाजपा प्रदेश मीडिया प्रमुख बोले— धामी सरकार हर वादे पर खरी, कांग्रेस की हताशा झलक रही आरोपों में
देहरादून 22 अक्टूबर। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रमुख मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि नकल प्रकरण में युवाओं की मांग पूरी होते ही कांग्रेस बौखला गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब उन्हीं युवाओं से सवाल पूछ रही है, जिनकी आवाज़ को भाजपा सरकार ने गंभीरता से सुना और समाधान किया।
चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं की मांग पर सीबीआई जांच की संस्तुति, पेपर स्थगन और रिटायर्ड जज से जांच कराने जैसे कदम उठाकर अपनी प्रतिबद्धता साबित की है। “कांग्रेस को युवाओं की समस्या का समाधान रास नहीं आया। जैसे ही सरकार ने निर्णायक कार्रवाई की, कांग्रेस को जैसे सांप सूंघ गया,” उन्होंने कहा।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि आंदोलनरत युवाओं ने मुख्यमंत्री के फैसले की सराहना करते हुए अपना आंदोलन समाप्त किया, लेकिन कांग्रेस अब उन फैसलों में भी मीनमेख निकालने में जुटी है। उन्होंने कहा कि जनता समझ चुकी है कि कांग्रेस की राजनीति अब केवल भ्रम फैलाने तक सीमित रह गई है।
विधायकों से जुड़े कांग्रेस के आरोपों पर चौहान ने कहा कि ये आरोप पूरी तरह आधारहीन हैं। “विधायक जनता के प्रति जवाबदेह हैं। यदि किसी विधायक ने अधिकारियों या मंत्रियों से संबंधित शिकायत उठाई है तो मुख्यमंत्री ने भी उसका संज्ञान लेकर जनहित में कार्य करने के निर्देश दिए हैं,” चौहान ने कहा।
उन्होंने बताया कि विधायक खजान दास ने सिर्फ मंत्रियों के क्षेत्रीय दौरे को लेकर सुझाव दिया था, जबकि वरिष्ठ विधायक विसन सिंह चुफाल ने एक अधिकारी की कार्यशैली पर सवाल उठाया था। “कांग्रेस इन सामान्य बातों को तूल देकर सरकार के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश कर रही है,” उन्होंने कहा।
चौहान ने कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता-आधारित दल है, जहाँ आंतरिक लोकतंत्र मजबूत है। “भाजपा में जनहित के मुद्दों पर खुलकर बोलने की परंपरा है, जबकि कांग्रेस में नेता केवल हाईकमान के इशारे पर ही बोल सकते हैं,” उन्होंने कहा।
भाजपा मीडिया प्रमुख ने कहा कि कांग्रेस में गुटबाजी और झूठ को सच साबित करने की होड़ मची है, जबकि भाजपा सरकार जनता के विश्वास पर खरी उतर रही है ।








