राज्य स्थापना दिवस पर हो सकता है सैन्यधाम का लोकार्पण
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने गुनियालगांव स्थित निर्माणाधीन सैन्यधाम का किया निरीक्षण

देहरादून। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को गुनियालगांव स्थित निर्माणाधीन सैन्यधाम का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
मीडिया से बातचीत में मंत्री जोशी ने बताया कि राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती पर 9 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित उत्तराखंड दौरे के दौरान सैन्यधाम का लोकार्पण प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि यह सैन्यधाम सैनिकों के सम्मान का प्रतीक होगा, जो प्रधानमंत्री मोदी की परिकल्पना और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संकल्प का परिणाम है।
मंत्री जोशी ने कहा कि देशभर के सैन्य स्मारकों का अध्ययन करने के बाद सैन्यधाम को एक अनूठे स्वरूप में तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि भारत में दो सैनिकों – बाबा हरभजन सिंह और बाबा जसवंत सिंह – की पूजा की जाती है, और उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए यह धाम वीर सपूतों की शौर्यगाथा को जीवंत करेगा।
उन्होंने कहा कि सैन्यधाम में म्यूजियम, थियेटर और लाइट एंड साउंड शो की व्यवस्था होगी, जहाँ आगंतुक शहीदों की वीरता की कहानियाँ और उनके संघर्षों को करीब से महसूस कर सकेंगे। “जैसे लोग चारधाम के दर्शन करने जाते हैं, वैसे ही आने वाले समय में लोग हमारे वीर सैनिकों को नमन करने सैन्यधाम जरूर आएंगे,” उन्होंने कहा।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने नक्षत्र वाटिका की स्थापना सहित अन्य निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सैनिक कल्याण विभाग के सचिव दीपेन्द्र चौधरी, जीओसी उत्तराखंड सब एरिया मेजर जनरल एम.पी.एस. गिल, डिप्टी जीओसी ब्रिगेडियर राम सिंह थापा, पूर्व जीओसी मेजर जनरल सम्मी सभरवाल (सेनि), अपर सचिव एवं निदेशक सैनिक कल्याण श्याम सिंह सहित सैनिक कल्याण विभाग, पेयजल विभाग, प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी उपस्थित रहे।








