कांग्रेस संगठन 2027 विधानसभा चुनावों के लिए मुस्तैद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

31 दिसंबर तक सभी 70 विधानसभाओं में बूथ कमेटियों के गठन का लक्ष्य
15 नवंबर तक सभी बूथों पर तैनात किए जाएंगे बूथ लेवल एजेंट: सूर्यकांत धस्माना

देहरादून 22 अक्टूबर ।उत्तराखंड कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति तैयार कर ली है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा के निर्देश पर प्रदेशभर में संगठन सृजन अभियान तेज कर दिया गया है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने बुधवार को कांग्रेस मुख्यालय देहरादून में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि प्रदेश के सभी 27 संगठनात्मक जिलों के पुनर्गठन की प्रक्रिया पूरी होते ही नए जिला अध्यक्ष अपने-अपने जनपदों की ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों को सक्रिय करेंगे। जहां कमेटियाँ निष्क्रिय हैं, उन्हें एक सप्ताह के भीतर पुनर्गठित किया जाएगा।

धस्माना ने कहा कि 15 नवंबर तक सभी बूथों पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की नियुक्ति कर दी जाएगी और 31 दिसंबर 2025 तक राज्य की सभी 70 विधानसभाओं में शत-प्रतिशत बूथ कमेटियों का गठन पूरा कर लिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि बूथ कमेटियों के गठन के बाद नए वर्ष 2026 में पार्टी बूथ, ब्लॉक और जिला स्तर पर सम्मेलन व प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन करेगी। इन कार्यक्रमों में पार्टी के सभी फ्रंटल संगठन, प्रकोष्ठ और विभाग सक्रिय रूप से भाग लेंगे।

सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व भी इस अभियान की समीक्षा करेगा। इसके लिए राष्ट्रीय स्तर से जिलों के प्रभारी भेजे जाएंगे, जो संगठनात्मक गतिविधियों की प्रगति का मूल्यांकन करेंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य प्रदेश में एक मजबूत, सक्रिय और जमीनी संगठन खड़ा करना है ताकि आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी मजबूती से जनता के बीच जा सके।

Leave a Comment

और पढ़ें