भाजपा अध्यक्ष बोले — सत्र को दलगत राजनीति से ऊपर रखें, विपक्ष सकारात्मक भूमिका निभाए
देहरादून 22 अक्टूबर ।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्ष पर आयोजित विशेष सत्र राज्य के गौरव और उपलब्धियों का प्रतीक होगा। उन्होंने कहा कि यह सत्र दलगत राजनीति से ऊपर उठकर राज्य की प्रगति, उपलब्धियों और भविष्य की दिशा पर सार्थक विमर्श का मंच बनेगा।
भट्ट ने कहा कि विशेष सत्र का उद्देश्य बीते 25 वर्षों के विकास, जनकल्याण और राज्य की उपलब्धियों की समीक्षा करना है। उन्होंने कहा, “राजनीतिक आलोचनाओं के लिए अन्य अवसर भी मिलेंगे, लेकिन यह सत्र राज्य के गौरव और भावी दिशा पर चिंतन का होना चाहिए।”
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि साल 2000 से अब तक राज्य की तरक्की में सभी दलों की भूमिका रही है, परंतु सबसे बड़ा योगदान जनता का रहा है। “यह सत्र राज्यवासियों की आकांक्षाओं को सम्मान देने का अवसर है। दो दिन के इस सत्र में नीतिगत विमर्श होगा कि आने वाले वर्षों में क्या और बेहतर किया जा सकता है,” उन्होंने कहा।
भट्ट ने विपक्ष के रुख को लेकर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि “जो नेता गैरसैण की चिंता दिखा रहे हैं, क्या उन्हें याद नहीं कि उनके विधायक वहीं सदन में कंबल ओढ़कर सोते हुए दिखाई दिए थे?” उन्होंने कहा कि विपक्ष को नकारात्मक रवैया छोड़कर रचनात्मक भूमिका निभानी चाहिए।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जिन विषयों को विशेष सत्र में उठाने की बात कर रहे हैं, वे पहले भी कई बार उठाए जा चुके हैं। “इन्हीं मुद्दों पर दो विधानसभा और दो लोकसभा चुनाव हो चुके हैं, जनता ने हर बार स्पष्ट जनादेश दिया है,” भट्ट ने कहा।
उन्होंने विपक्ष से आग्रह किया कि रजत जयंती वर्ष की गरिमा बनाए रखते हुए सत्र में सकारात्मक चर्चा करें और राज्य के भविष्य के लिए नए मानक निर्धारित करने में सहयोग दें।








