
देहरादून | 14 अक्टूबर
राष्ट्रीय पोषण माह-2025 का समापन समारोह आगामी 17 अक्टूबर को धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार की केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। कार्यक्रम में प्रदेशभर से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, महिला प्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे।
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने मंगलवार को यमुना कॉलोनी स्थित कैंप कार्यालय में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर समारोह की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पोषण माह केवल एक अभियान नहीं, बल्कि मातृ एवं शिशु के स्वस्थ भविष्य की मजबूत नींव है।
रेखा आर्या ने कहा कि इस समापन समारोह के माध्यम से पोषण का संदेश हर घर तक पहुँचाना हमारा लक्ष्य है। उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि कोई भी बच्चा कुपोषण का शिकार न हो, और हर माँ सशक्त व स्वस्थ हो।”
कार्यक्रम स्थल पर श्री अन्न योजना, सुनहरे 1000 दिन योजना, अन्नप्राशन और गोद भराई जैसे विषयों पर विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। साथ ही पोषण किट और महालक्ष्मी किट का वितरण कर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का संदेश दिया जाएगा।
समारोह को भव्य रूप देने के लिए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं। बैठक में विभागीय सचिव श्री चंद्रेश कुमार, निदेशक श्री बंशी लाल राणा, उपनिदेशक श्री विक्रम सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
रेखा आर्या ने कहा कि पोषण माह का यह समापन केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि “स्वस्थ माँ, स्वस्थ बच्चा — सशक्त उत्तराखंड” के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम होगा।








