देहरादून | 14 अक्टूबर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य योजना के अंतर्गत विभिन्न सड़कों के निर्माण और पुनर्निर्माण के लिए कुल 161 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इन परियोजनाओं से प्रदेश के अलग-अलग जनपदों में सड़क संपर्क और आवागमन सुविधाओं में सुधार होगा।
मुख्यमंत्री ने जनपद देहरादून के मसूरी विधानसभा क्षेत्र में अनारवाला–मालसी मोटर मार्ग पर अतिक्रमण हटाने के बाद उपलब्ध भूमि पर मार्ग पुनर्निर्माण कार्य के लिए 3.19 करोड़ रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
इसके साथ ही जनपद बागेश्वर के बागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में गरखेत से तल्ला मेजुलिया तक मोटर मार्ग निर्माण हेतु 1.01 करोड़ रुपये और जनपद पौड़ी गढ़वाल के लैंसडाउन–नैनीडांडा विधानसभा क्षेत्र में कोटा से पिन्जोली तक मोटर मार्ग निर्माण के लिए 83.34 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
मुख्यमंत्री ने इस वित्तीय वर्ष के लिए लोक निर्माण विभाग के तहत चालू निर्माण कार्यों और वृहद निर्माण मद में 155 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी प्रदान की है।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने एससीएसपी (Scheduled Caste Sub Plan) के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र काशीपुर के ग्राम दोहरी वकील में आईआईएम के सामने नमो रेस्टोरेंट से बूटा सिंह आदि के घरों तक मार्ग निर्माण हेतु 50.16 लाख रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति दी है।
शासन द्वारा इन सभी योजनाओं से संबंधित शासनादेश जारी कर दिए गए हैं। इन परियोजनाओं से न केवल ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बेहतर सड़क नेटवर्क विकसित होगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और विकास को भी गति मिलेगी।








