आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान का दूसरा चरण शुरू, 25 दिसंबर तक चलेंगे कार्यक्रम
देहरादून | 14 अक्टूबर
भाजपा ने ‘लोकल से ग्लोबल’ की दिशा में हर व्यक्ति का योगदान सुनिश्चित करने के लिए आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान का दूसरा चरण शुरू कर दिया है। पार्टी ने इस अभियान को जनसहभागिता के व्यापक स्वरूप में मंडल स्तर तक ले जाने की तैयारी की है।
प्रदेश मीडिया प्रमुख मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि 25 सितंबर से 25 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत आत्मनिर्भर भारत संकल्प रथ, पदयात्रा, घर-घर संपर्क, महिला एवं युवा उद्यमी सम्मेलन, स्वदेशी मेला, सेमिनार और विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि 15 अक्टूबर तक सभी विधानसभा क्षेत्रों में सम्मेलन आयोजित कराए जाएंगे, जिनमें जीएसटी बचत महोत्सव, आत्मनिर्भर भारत सम्मेलन और मोदी सरकार की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा होगी। इन कार्यक्रमों में समाज के प्रोफेशनल्स, व्यापारी संगठनों और उद्यमियों को शामिल किया जाएगा। उन्हें स्वदेशी का संकल्प दिलवाया जाएगा और इसके प्रपत्र भरवाए जाएंगे।
मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि 15 अक्टूबर से 15 नवंबर तक मंडल सम्मेलन आयोजित होंगे, जिनमें स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को आमंत्रित कर उनके उत्पादों को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके बाद 16 से 30 नवंबर तक महिला एवं युवा सम्मेलन होंगे, जिनमें महिला समूहों और युवाओं को आत्मनिर्भरता की योजनाओं की जानकारी देकर सशक्त बनाने का प्रयास किया जाएगा।
इसी क्रम में 1 से 15 दिसंबर तक स्ट्रीट वेंडर, छोटे दुकानदारों और कारीगरों के सम्मेलन होंगे, ताकि उन्हें आत्मनिर्भर भारत से जोड़ा जा सके। वहीं 1 से 30 नवंबर तक स्वदेशी पर आधारित रील्स, भाषण, क्विज और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित कर युवाओं और छात्रों में जागरूकता बढ़ाई जाएगी।
अभियान के अंतिम चरण में 1 से 25 दिसंबर तक घर-घर संपर्क अभियान चलाया जाएगा, जिसमें आत्मनिर्भर भारत का संदेश आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सभी कार्यक्रमों में मोदी सरकार की उपलब्धियां और स्वदेशी को बढ़ावा देने वाले संकल्प पर चर्चा की जाएगी। प्रत्येक कार्यक्रम के अंत में सामूहिक रूप से स्वदेशी का संकल्प करवाकर, उसके प्रपत्र भरवाए जाएंगे ताकि “लोकल से ग्लोबल” की इस यात्रा में हर नागरिक का योगदान दर्ज हो सके।
अभियान से जुड़ी सभी गतिविधियों की सोशल मीडिया पर ब्रांडिंग की जाएगी और घर-घर तथा दुकानों पर #GharGharSwadeshi और #AtmanirbharBharat हैशटैग के साथ संदेश साझा किए जाएंगे।








