पौड़ी, 09 सितंबर ।
मानसून से हुई दैवीय आपदा के नुकसान का आकलन करने भारत सरकार द्वारा गठित अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय दल ने मंगलवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल का दौरा किया। दल ने तहसील पौड़ी के सैंजी गांव में ग्रामीणों से संवाद कर राहत कार्यों, आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान टीम ने क्षतिग्रस्त मकान, सड़कें, पुल, सार्वजनिक भवन, पेयजल योजनाएं, विद्युत लाइनें, कृषि भूमि, फसलें, पशुधन और आजीविका से जुड़े संसाधनों की स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। दल ने आपदा के समय की गई राहत एवं बचाव गतिविधियों, खाद्यान्न व चिकित्सा आपूर्ति, अस्थायी आश्रयों और मूलभूत सेवाओं का भी जायजा लिया।
दल के नेतृत्वकर्ता संयुक्त सचिव आर. प्रसन्ना ने बताया कि आपदा से हुई क्षति का तथ्यात्मक आकलन कर विस्तृत रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेजी जाएगी। इस रिपोर्ट के आधार पर राहत पैकेज और पुनर्वास योजनाएं तैयार की जाएंगी।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि दल की रिपोर्ट से केंद्र और राज्य सरकारों के बीच समन्वय मजबूत होगा तथा पुनर्निर्माण कार्यों को गति मिलेगी।
निरीक्षण दल में उप निदेशक विकास सचान, मुख्य अभियंता पंकज सिंह और वित्त निदेशक शैलेश कुमार शामिल रहे। इस मौके पर जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक और विभागीय अधिकारी भी मौजूद थे।








