
देहरादून, 22 अगस्त। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अपने कैंप कार्यालय में देहरादून के जाखन निवासी प्रतिभावान शूटिंग खिलाड़ी अनुष्का ओटानी को सम्मानित किया। अनुष्का ने देहरादून में आयोजित 24वीं उत्तराखंड स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया।
मंत्री गणेश जोशी ने अनुष्का को उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवा विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने अनुष्का को आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए पूरी मेहनत और लगन के साथ तैयारी करने का आह्वान किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि अनुष्का राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगी।
इस अवसर पर खिलाड़ी की माता उषा ओटानी, पल्लवी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।









