स्मार्ट मीटर बदलने पर उपभोक्ताओं से नहीं लिया जाएगा अतिरिक्त शुल्क

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 22 अगस्त। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने कहा है कि उपभोक्ता हित, बेहतर विद्युत सेवाएं और कार्मिक कल्याण निगम की प्राथमिकता हैं। शनिवार को ऊर्जा भवन स्थित यूपीसीएल के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने निगम की कार्यप्रणाली, स्मार्ट मीटर, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, आरडीएसएस और कर्मचारी हितों से जुड़े मामलों की जानकारी दी।

प्रबंध निदेशक ने बताया कि आरडीएसएस योजना के तहत प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य तेजी से चल रहा है। स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को बिजली की खपत और भुगतान की जानकारी अधिक सुविधाजनक एवं पारदर्शी तरीके से मिल सकेगी। पुराने मीटर को स्मार्ट मीटर से बदलने पर उपभोक्ताओं से किसी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। स्मार्ट और प्रीपेड मीटर का उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं को निर्धारित छूट का लाभ भी मिलेगा।

एक लाख से अधिक घरों में रूफटॉप सोलर

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी देते हुए पीसी ध्यानी ने बताया कि उत्तराखंड में रूफटॉप सोलर लगाने का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्तमान में एक लाख से अधिक उपभोक्ताओं के घरों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इससे उपभोक्ताओं को स्वच्छ ऊर्जा के साथ बिजली के बिल में भी राहत मिल रही है। कई परिवारों का बिजली बिल शून्य तक हुआ है।

उन्होंने बताया कि आरडीएसएस के तहत विद्युत वितरण व्यवस्था को आधुनिक और मजबूत बनाने के लिए विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। इन कार्यों को तय समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

राजस्व संग्रह और बिजली हानि नियंत्रण पर जोर

यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक ने कहा कि निगम राजस्व संग्रह, बिजली हानि नियंत्रण और पावर परचेज मैनेजमेंट के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। उपलब्ध संसाधनों का बेहतर प्रबंधन कर उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

कर्मचारी हितों के मामलों का होगा समयबद्ध निस्तारण

प्रेस वार्ता में कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर भी सवाल किए गए। पीसी ध्यानी ने बताया कि एसीपी, पदोन्नति, पेंशन, नियमितीकरण और चिकित्सा प्रतिपूर्ति से संबंधित प्रकरणों के निस्तारण को प्राथमिकता दी जा रही है। चिकित्सा प्रतिपूर्ति के मामलों का त्वरित निस्तारण और अन्य कर्मचारी हितों से जुड़े मामलों को समयबद्ध तरीके से निपटाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यूपीसीएल का उद्देश्य केवल वित्तीय और परिचालन उपलब्धियां हासिल करना नहीं, बल्कि उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं और कर्मचारियों को अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है। निगम को आधुनिक, पारदर्शी और उपभोक्ता हितैषी बनाने के साथ कर्मचारी हितों से जुड़े प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

प्रेस वार्ता में मीडिया प्रतिनिधियों ने यूपीसीएल की कार्यप्रणाली और विभिन्न योजनाओं से जुड़े सवाल किए, जिनका प्रबंध निदेशक ने तथ्यपरक तरीके से जवाब दिया। अंत में उन्होंने सभी पत्रकारों और मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment

और पढ़ें