मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जैन समाज सम्मेलन में शामिल, जैन कल्याण बोर्ड पर विचार का आश्वासन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 7 सितंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को दिगम्बर जैन पंचायती मंदिर में आयोजित जैन समाज सम्मेलन में भाग लेकर जैन धर्मगुरुओं का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने आचार्य सौरभ सागर मुनि जी महाराज के जीवन को संयम, त्याग और अहिंसा का अद्वितीय उदाहरण बताते हुए कहा कि सौरभांचल तीर्थ और जीवन आशा अस्पताल उनके दूरदर्शी नेतृत्व और सेवा भावना का प्रतीक हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जैन धर्म ने सदैव संसार को यह संदेश दिया है कि अहिंसा ही सच्ची वीरता है। जैन समाज ने संगठन, सामाजिक एकता और सेवा की मिसाल कायम की है। उन्होंने राज्य सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। इसके साथ ही नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद 25 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की डेमोग्राफी संरक्षित रखना सरकार की प्राथमिकता है, इसलिए धर्मांतरण विरोधी और दंगा विरोधी कानून लागू किए गए हैं। अब तक 9 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि अवैध कब्जों से मुक्त कराई जा चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि जैन समाज की मांग पर जैन कल्याण बोर्ड गठन के सुझाव पर सरकार गंभीरतापूर्वक विचार करेगी।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि जैन समाज आगे भी राज्य के विकास में सहयोग देता रहेगा।
कार्यक्रम में रविंद्र मुनि जी महाराज,

राजेश मुनि जी महाराज, विधायक विनोद चमोली, खजानदास, पद्मश्री डॉ. आर.के. जैन सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें