
हल्द्वानी 25 अगस्त। वर्ष 2026 के लिए न्यूज पोर्टलों की इनपैनलमेंट प्रक्रिया और निविदा में निर्धारित विज्ञापन दरों को लेकर डिजिटल मीडिया संचालकों में नाराजगी है। सोमवार को सूचना महानिदेशालय की ओर से वर्ष 2026 के लिए न्यूज पोर्टलों के इनपैनलमेंट की निविदा खोले जाने के बाद हल्द्वानी में हिमालयन डिजिटल मीडिया एसोसिएशन के बैनर तले पोर्टल संचालकों और पत्रकारों की बैठक हुई।
बैठक में संचालकों ने कहा कि वर्तमान विज्ञापन दरें न्यूज पोर्टलों के संचालन खर्च के लिहाज से व्यवहारिक नहीं हैं। डिजिटल मीडिया संस्थानों को समाचार संकलन, पत्रकारों के मानदेय, तकनीकी संसाधन, वेबसाइट संचालन और अन्य व्यवस्थाओं पर लगातार खर्च करना पड़ता है। ऐसे में निर्धारित विज्ञापन दरों से छोटे और स्थानीय न्यूज पोर्टलों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है।
संचालकों ने महानिदेशक सूचना से विज्ञापन दरों की तत्काल समीक्षा कर उन्हें व्यवहारिक और न्यायसंगत बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि न्यूज पोर्टल आज समाचार प्रसार का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुके हैं और ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रों की खबरों को प्रमुखता से सामने लाने में डिजिटल मीडिया की अहम भूमिका है। इसलिए पोर्टल संचालकों के आर्थिक हितों को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए।
बैठक में मांग उठाई गई कि सूचना विभाग पोर्टल संचालकों के प्रतिनिधियों के साथ वार्ता कर उनकी समस्याओं का समाधान निकाले और विज्ञापन दरों में आवश्यक बदलाव करे।
इस दौरान गिरीश जोशी, तारा जोशी, ईश्वरी दत्त भट्ट, महेंद्र सिंह नेगी, धर्मानंद खोलिया, सुरेश पाठक, दिनेश पांडेय, हर्ष रावत, अंकित साह, जीवन राज, सचिन जोशी, मोहन कांडपाल, अकरम सिद्दीकी समेत कई पत्रकार और न्यूज पोर्टल संचालक मौजूद रहे।







