लोहाघाट को शीघ्र मिलेगा जाम से निजात – मुख्यमंत्री के निर्देश पर 72.14 लाख की पार्किंग निर्माण कार्य प्रगति पर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंपावत 30 जुलाई 2025 ।

*जिलाधिकारी ने किया ₹72.14 लाख की लोहाघाट पार्किंग का निरीक्षण, शीघ्र पूर्णता के निर्देश*
जनपद चंपावत के लोहाघाट कस्बे को यातायात जाम की समस्या से निजात दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार ऋषेश्वर महादेव मंदिर के निकट 72.14 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन पार्किंग कार्य तेज़ी से प्रगति पर है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्थल का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायज़ा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पार्किंग स्थल, रिटेनिंग वॉल तथा अन्य संरचनात्मक कार्यों का भौतिक परीक्षण किया तथा निर्माण कार्य में गुणवत्ता, समयबद्धता एवं सुरक्षा मानकों के पालन के स्पष्ट निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि मई 2025 में प्रारंभ हुए इस सरफेस पार्किंग परियोजना का अब तक 30 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है। पार्किंग सुविधा 16 वाहनों की क्षमता के अनुरूप विकसित की जा रही है, जिससे लोहाघाट कस्बे के मुख्य बाज़ार एवं मंदिर क्षेत्र में यातायात का सुचारु संचालन संभव हो सकेगा।
पार्किंग स्थल पर रिटेनिंग वॉल, ड्रेनेज व्यवस्था आदि का कार्य भी समांतर रूप से प्रगति पर है। निर्माण कार्य को अगले 6 माह के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
यह परियोजना उत्तराखंड पेयजल निर्माण निगम, चंपावत इकाई द्वारा कार्यान्वित की जा रही है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इस बहुप्रतीक्षित पार्किंग परियोजना के पूर्ण होने से लोहाघाट नगरवासियों एवं मंदिर क्षेत्र आने वाले श्रद्धालुओं को लंबे समय से चली आ रही यातायात अव्यवस्था से राहत मिलने की संभावना है।निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी लोहाघाट नितेश डांगर, तहसीलदार लोहाघाट जगदीश नेगी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें