
प्रेमनगर में महिला की हत्या के दोषियों को दो दिन में गिरफ्तार करने की मांग, कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी
देहरादून, 19 नवंबर। उत्तराखंड में बिगड़ती कानून व्यवस्था और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोला है। गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार महिलाओं को सुरक्षा देने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने राजधानी देहरादून सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में लगातार सामने आ रही हत्या, दुष्कर्म और महिला उत्पीड़न की घटनाओं पर चिंता जताई।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि पिछले एक महीने के दौरान देहरादून में हत्या और संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की कई घटनाएं सामने आई हैं। इससे प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने प्रेमनगर क्षेत्र में महिला की हत्या की घटना पर आक्रोश जताते हुए कहा कि महिलाएं घर के भीतर और बाहर कहीं भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रही हैं। सरकार की महिला सुरक्षा संबंधी घोषणाएं धरातल पर प्रभावी नजर नहीं आ रही हैं।
पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला ने कहा कि देवभूमि में महिलाओं के खिलाफ जघन्य अपराधों की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। भाजपा सरकार महिला सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम दिखाई नहीं दे रहे हैं। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की मांग की।
पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष आर्येंद्र शर्मा ने महिला अपराधों से संबंधित आंकड़े प्रस्तुत करते हुए दावा किया कि पिछले चार-पांच वर्षों में महिलाओं के साथ दुष्कर्म की 1822 घटनाएं हुई हैं। इस दौरान 318 अज्ञात महिलाओं के शव मिले, जिनमें से केवल 87 की शिनाख्त हो सकी। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में प्रदेश से 10,500 महिलाएं लापता हुईं, जिनमें 767 का अभी तक पता नहीं चल पाया है। उनके अनुसार, तीन वर्षों में महिला अपराधों से संबंधित 1,03,947 मुकदमे दर्ज हुए हैं। उन्होंने इन आंकड़ों को लेकर सरकार से जवाब मांगा।
प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी ने देहरादून में हाल के दिनों में हुई आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि राजपुर क्षेत्र में 62 वर्षीय मदन राणा की हत्या, रायपुर के तरला अधोईवाला में गौरव बागड़ी की हत्या, डालनवाला में 15 वर्षीय अर्श अंसारी की मौत के मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज होना और प्रेमनगर के जामुनवाला जंगल में युवती का शव मिलना गंभीर घटनाएं हैं। उन्होंने इन सभी मामलों की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने की मांग की। साथ ही कहा कि केवल गिरफ्तारियां करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि अपराधों की रोकथाम और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास पैदा करना भी जरूरी है।
पत्रकार वार्ता का संचालन प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने किया। उन्होंने भाजपा सरकार पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए महिला सुरक्षा के मुद्दे पर जवाबदेही तय करने की मांग की।
दो दिन में गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि प्रेमनगर में महिला की हत्या के मामले में पुलिस दो दिन के भीतर दोषियों को गिरफ्तार करे। ऐसा नहीं होने पर पार्टी ने आंदोलन की चेतावनी दी। कांग्रेस ने राजधानी में हुई सभी हत्याओं और संदिग्ध मौतों की निष्पक्ष जांच, अज्ञात युवती की पहचान कर हत्यारों की गिरफ्तारी तथा अर्श अंसारी की मौत के मामले में जांच के वास्तविक तथ्य सार्वजनिक करने की मांग की। पार्टी ने लूट की घटनाओं में शामिल आरोपियों को कथित संरक्षण देने और संबंधित पुलिस अधिकारी को मामले से अलग करने के कारणों पर भी सरकार से जवाब मांगा।
पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश में महिला सुरक्षा की स्थिति की उच्चस्तरीय समीक्षा कराने, अपराधों की रोकथाम के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने और पुलिस प्रशासन की जवाबदेही तय करने की मांग की।









