लग्जरी बसों पर परिवहन विभाग की कार्रवाई, 35 चालान और दो बसें सीज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हरिद्वार 25 अक्टूबर। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर परिवहन विभाग की ओर से लग्जरी बसों के खिलाफ चलाया जा रहा विशेष चेकिंग अभियान रविवार को लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। अभियान के दौरान विभिन्न नियमों के उल्लंघन पर 35 बसों के चालान किए गए, जबकि दो बसों को सीज किया गया।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन नेहा झा और परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान जनपद में प्रवेश करने वाली लग्जरी बसों की सघन जांच की गई। पड़ोसी राज्यों में हाल में हुई बस दुर्घटनाओं को देखते हुए यात्री सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया।

जांच के दौरान बसों के पंजीयन, फिटनेस, परमिट, बीमा और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित क्षमता के अनुरूप संचालन तथा वाहनों में किए गए अनधिकृत बदलावों की जांच की गई। इसके अलावा यात्री सुरक्षा से जुड़े तकनीकी मानकों के अनुपालन को भी परखा गया।
परिवहन विभाग ने बस संचालकों और चालकों को वाहनों के सभी आवश्यक अभिलेख अद्यतन रखने तथा सुरक्षा मानकों एवं परमिट की शर्तों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया कि यात्री सुरक्षा को प्रभावित करने वाली कमियों और नियमों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रहेगा। इसका उद्देश्य बसों का सुरक्षित और नियमों के अनुरूप संचालन सुनिश्चित करने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है।

Leave a Comment

और पढ़ें