शिशु सदन में बच्चों ने केक काटकर मनाया मुख्यमंत्री धामी का जन्मदिन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बच्चों ने खेल प्रतियोगिताओं में दिखाई प्रतिभा, मंत्री रेखा आर्या ने बढ़ाया उत्साह

देहरादून 16 सितंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन पर बुधवार को केदारपुरम स्थित राजकीय शिशु सदन में बच्चों के साथ जन्मदिन समारोह आयोजित किया गया। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने बच्चों के साथ केक काटकर मुख्यमंत्री का जन्मदिन मनाया। बच्चों ने मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।

इस अवसर पर बच्चों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। नन्हे बच्चों ने उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया और अपनी प्रतिभा व कौशल का प्रदर्शन किया। मंत्री रेखा आर्या ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री धामी बच्चों के लिए ‘मामा’ और वह स्वयं ‘बुआ’ के रूप में हमेशा उनके साथ खड़ी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बच्चों के बेहतर भविष्य, सर्वांगीण विकास और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

रेखा आर्या ने कहा कि सरकार का उद्देश्य राजकीय शिशु सदन में रहने वाले प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण, बेहतर सुविधाएं और अपने सपनों को साकार करने के लिए आवश्यक अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा संसाधनों के अभाव में अपने सपनों से वंचित न रहे, इसके लिए सरकार शिक्षा, पोषण, सुरक्षा और प्रतिभा विकास पर विशेष ध्यान दे रही है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत कोविड-19 महामारी या अन्य कारणों से माता-पिता अथवा संरक्षक को खोने वाले पात्र बच्चों की देखभाल, पुनर्वास और आर्थिक सहायता का प्रावधान किया गया है। पात्र बच्चों को 21 वर्ष की आयु तक प्रतिमाह तीन हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। खेलों में भविष्य बनाने वाले बच्चों के लिए मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना संचालित है, जिसके तहत 1500 रुपये प्रतिमाह खेल छात्रवृत्ति दी जाती है।

मंत्री ने कहा कि नंदा गौरा योजना के माध्यम से बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा तक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की सहायता दी जाती है।

कार्यक्रम में बच्चों की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की गईं। इस दौरान सचिव चंद्रेश यादव, निदेशक बंशीलाल राणा, मुख्य परिवीक्षा अधिकारी अंजना गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी मीना बिष्ट सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और राजकीय शिशु सदन के बच्चे मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें