
गढ़वाली फिल्म ‘बीरा’ का ट्रेलर, संगीत और पोस्टर जारी, स्थानीय कलाकारों और युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर
देहरादून। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने शनिवार को एक स्थानीय होटल में बालाजी प्रोडक्शन के बैनर तले बनी गढ़वाली फीचर फिल्म ‘बीरा’ का ट्रेलर, संगीत और पोस्टर जारी किया। इस मौके पर उन्होंने फिल्म निर्माता धीरज पप्पू सिंह, निर्देशक देबू रावत, कलाकारों और पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि फिल्म केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज, संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली को देश-दुनिया तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम भी है।
सतपाल महाराज ने कहा कि उत्तराखंड की हिमालयी चोटियां, हरे-भरे जंगल, नदियां, झीलें, घाटियां, गांव और समृद्ध लोक परंपराएं फिल्म निर्माताओं के लिए किसी प्राकृतिक स्टूडियो से कम नहीं हैं। सरकार प्रदेश को फिल्म शूटिंग के लिए आकर्षक और सुविधाजनक गंतव्य के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि उत्तराखंड में अधिक से अधिक फिल्मों, वेब सीरीज और अन्य दृश्य-श्रव्य परियोजनाओं की शूटिंग हो। इससे प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता और संस्कृति देश-दुनिया तक पहुंचेगी, साथ ही स्थानीय युवाओं, कलाकारों, तकनीशियनों, होटल व्यवसायियों, परिवहन क्षेत्र और स्थानीय उद्यमियों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
महाराज ने कहा कि ‘बीरा’ पहाड़ के सरल जीवन और बदलते समय के बीच खड़े लोगों की भावनाओं को सामने लाती है। फिल्म में अपने सपनों, रिश्तों और जड़ों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश करते लोगों की कहानी को प्रमुखता दी गई है। फिल्म में शिवानी भंडारी, नियो फर्स्वाण और सूरज कोटनाला सहित कई अनुभवी और प्रतिभाशाली कलाकारों ने अभिनय किया है।
उन्होंने कहा कि ‘बीरा’ पहाड़ की मिट्टी, रिश्तों की गर्माहट और अपनी जड़ों से जुड़े रहने की भावना को बड़े पर्दे पर उतारने वाली सिनेमाई यात्रा है। यह फिल्म दर्शकों को हंसाने और भावुक करने के साथ ही उन्हें अपनी मिट्टी और संस्कृति से जुड़ाव का एहसास कराएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि फिल्म दर्शकों के बीच अपनी विशेष पहचान बनाएगी और देश-विदेश में इसे पसंद किया जाएगा।
कार्यक्रम में लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी सहित फिल्म और कला जगत से जुड़े अनेक कलाकार एवं अन्य लोग मौजूद रहे।









