
नई दिल्ली 8 सितंबर। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी से शिष्टाचार भेंट कर प्रदेश में महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
बैठक में आंगनवाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ीकरण और उन्हें सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों के रूप में विकसित करने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। रेखा आर्या ने बताया कि वर्तमान में ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार जिले के कुछ आंगनवाड़ी केंद्रों को सक्षम आंगनवाड़ी केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री से प्रदेश के अन्य जिलों में भी पर्याप्त भवन और स्थान वाले आंगनवाड़ी केंद्रों को सक्षम आंगनवाड़ी केंद्र के रूप में विकसित करने की अनुमति और आवश्यक सहयोग देने का आग्रह किया। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने इस पर सकारात्मक रुख व्यक्त करते हुए आवश्यक स्तर पर विचार करने का आश्वासन दिया।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के टेक होम राशन से जुड़े मुद्दे भी उठाए गए। रेखा आर्या ने बताया कि भारत सरकार से टेक होम राशन की प्राप्ति में आ रही कठिनाइयों के कारण वित्तीय समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। उन्होंने इस मामले के शीघ्र समाधान का अनुरोध किया।
इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2026-27 में एफआरएस के माध्यम से बच्चों की गणना में अपेक्षित प्रगति नहीं होने और गणना से छूटे करीब 60 प्रतिशत बच्चों का विषय भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखा गया। रेखा आर्या ने इस संबंध में आवश्यक समाधान और आगे की कार्रवाई करने का आग्रह किया।
रेखा आर्या ने कहा कि राज्य सरकार आंगनवाड़ी व्यवस्था को मजबूत करने, बच्चों को बेहतर पोषण और सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय इन विषयों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई करेगा।









