पुलिस-प्रशासन का बुलडोजर एक्शन, 13 लोगों के अवैध निर्माण ध्वस्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 5 सितंबर। कोतवाली सहसपुर क्षेत्र के खुशहालपुर और जस्सोवाला गांव में शुक्रवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने सरकारी भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान 13 व्यक्तियों द्वारा सरकारी भूमि पर किए गए अवैध निर्माण और भवनों को ध्वस्त किया गया।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दायरे में आए 13 लोगों में 10 ऐसे व्यक्ति शामिल हैं, जिनके खिलाफ पूर्व में मादक पदार्थों की तस्करी, गौकशी, चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के मामले दर्ज रहे हैं। इनमें से कई के विरुद्ध पुलिस पहले गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई कर चुकी है।

पुलिस और प्रशासन की टीम ने कोतवाली सहसपुर क्षेत्र के ग्राम खुशहालपुर में आमिर, मेहराज, सलमान, दिलशाद उर्फ मिर्ची, मोहसीन, फैजान और कौसर के खिलाफ सरकारी भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की।

वहीं ग्राम जस्सोवाला के बंगला बस्ती क्षेत्र में बिरजू, सूरज और सोहिन के अवैध निर्माणों पर भी कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, इन व्यक्तियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, गौवंश संरक्षण अधिनियम, चोरी और अन्य धाराओं में पूर्व में मुकदमे दर्ज रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि चिह्नित व्यक्तियों के खिलाफ सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण किए जाने के संबंध में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान सरकारी भूमि पर बनाए गए मकानों और अन्य निर्माणों को ध्वस्त किया गया।

पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने वालों को चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें