शिक्षक दिवस पर भाजपा को बड़ी सौगात

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 5 सितंबर। शिक्षक दिवस के अवसर पर भाजपा को बड़ी राजनीतिक सौगात मिली। उत्तराखंड शिक्षक संघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राम सिंह चौहान समेत बड़ी संख्या में शिक्षकों और युवाओं ने शुक्रवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने सभी नवागंतुकों को पार्टी की सदस्यता दिलाई।

इस अवसर पर महेंद्र भट्ट ने कहा कि शिक्षक और बुद्धिजीवी वर्ग की समाज में महत्वपूर्ण भूमिका है। देश और समाज को बांटने वाली शक्तियों को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देने के साथ ही जनजागरूकता बढ़ाने की जिम्मेदारी भी इस वर्ग को निभानी होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों और युवाओं के भाजपा परिवार से जुड़ने से पार्टी को मजबूती मिलेगी तथा विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में सहयोग मिलेगा।

भट्ट ने कहा कि राम सिंह चौहान और उनके साथी लंबे समय से शिक्षकों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाते रहे हैं। शिक्षा जगत और शिक्षकों के बीच प्रतिनिधित्व करने वाले लोगों का पार्टी से जुड़ना राज्य के विकास और जनकल्याण के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से विकास किया है, जबकि प्रदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास और जनकल्याण के कार्यों को गति दी जा रही है।

उन्होंने पार्टी से जुड़े युवाओं से अपने क्षेत्रों में भाजपा के वैचारिक पक्ष और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। भट्ट ने कहा कि देश को बांटने और समाज में विभाजन पैदा करने वाली शक्तियों का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाना जरूरी है।

टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि शिक्षक समाज का महत्वपूर्ण और प्रभावशाली वर्ग हैं। उनके पढ़ाए हुए विद्यार्थी समाज के विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़े हैं और शिक्षक यदि पार्टी के संदेश एवं विजन को व्यापक स्तर तक पहुंचाते हैं तो संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने नवागंतुकों को आश्वस्त किया कि पार्टी उनकी भावनाओं और सम्मान का पूरा ध्यान रखेगी।

सरकार में दायित्वधारी एवं वरिष्ठ नेता ज्योति प्रसाद गैरोला ने कहा कि महान शिक्षाविद और भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शिक्षकों का भाजपा से जुड़ना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय राज्य और देश निर्माण के प्रयासों को मजबूती देगा।

उत्तराखंड शिक्षक संघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राम सिंह चौहान ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद देश और समाज में हो रहे विभिन्न घटनाक्रमों ने उन्हें भाजपा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक विद्वेष फैलाने, जातीय विभाजन को बढ़ावा देने और युवाओं को राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल करने की कोशिशों के खिलाफ राष्ट्रवादी विचारधारा से जुड़ने का निर्णय लिया गया है।

राम सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देश और प्रदेश के विकास तथा सांस्कृतिक राष्ट्रवादी विचारधारा को देखते हुए भाजपा से जुड़ने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा दी जाने वाली हर जिम्मेदारी का पूरी क्षमता और निष्ठा के साथ निर्वहन किया जाएगा।

राम सिंह चौहान के साथ महेंद्र पाल सिंह परमार, धर्मवीर सिंह परमार, शैलेंद्र सिंह नेगी, ज्ञानदीप धवन, जयदीप परमार, अनुराधा सिंह, सोनाली चौहान, अभिषेक, अदिति रावत, बबली नेगी, गीता चौहान, प्रज्ञा, गौरी रावत, शैलेश चौहान, गोपाल, आलोक रावत, परमवीर बिष्ट, उषा रावत, अंकित पांडे, अमन पांडे, शुभम चमोली, शुभम चौहान, ऐश्वर्या राणा, अपूर्व वशिष्ठ, अनमोल शर्मा और हिमांशु सजवान समेत बड़ी संख्या में लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी, प्रदेश प्रवक्ता शादाब शम्स समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें