रायपुर में वृद्ध महिला की हत्या का 12 घंटे में खुलासा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून। रायपुर क्षेत्र में 72 वर्षीय वृद्ध महिला की हत्या के मामले में घर और बुक शॉप पर काम करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बकाया वेतन की रकम को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने वृद्ध महिला पर हमला किया और पकड़े जाने के डर से उनका मुंह व नाक दबा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी महिला के हाथ से सोने का कड़ा लेकर फरार हो गया था।

पुलिस के अनुसार तीन सितंबर को दिनेश बंसल ने 112 कंट्रोल रूम को सूचना दी कि उनकी 72 वर्षीय पत्नी रेखा बंसल घर में अचेत अवस्था में पड़ी हैं और उनके चेहरे पर चोट के निशान हैं। सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस को बुलाया गया, जहां महिला को मृत घोषित कर दिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई। दिनेश बंसल की तहरीर पर थाना रायपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए अलग-अलग टीमें गठित कीं। टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस के माध्यम से भी जानकारी जुटाई। मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के बाद पुलिस को विनीत कुमार नामक व्यक्ति की संलिप्तता के संबंध में जानकारी मिली।
पुलिस ने आरोपी विनीत कुमार को त्रिलोक गेस्ट हाउस, रिंग रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, उसकी निशानदेही पर मृतका से लूटा गया पीली धातु का कड़ा, घटना में प्रयुक्त आरोपी का कड़ा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से उत्तरकाशी का रहने वाला है और पिछले करीब 10 वर्षों से देहरादून में परिवार के साथ रह रहा है। वह एक सिक्योरिटी कंपनी के माध्यम से रात्रि सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करने के साथ ही दिनेश बंसल की डिस्पेंसरी रोड स्थित बुक शॉप में हेल्पर का काम भी करता था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दिनेश बंसल के पास उसकी कुछ वेतन राशि बकाया थी, जिसे लेकर वह कई बार पैसे मांग चुका था। घटना वाले दिन वह बुक शॉप से दिनेश बंसल की स्कूटी लेकर उनके घर पहुंचा। आरोपी को घर के पीछे का दरवाजा खुला रहने की जानकारी थी।
घर पर रेखा बंसल अकेली थीं। आरोपी ने उनसे बकाया मजदूरी के पैसे मांगे और इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में आरोपी ने हाथ में पहने कड़े से महिला के चेहरे पर वार कर दिया। महिला के चिल्लाने पर पकड़े जाने के डर से आरोपी ने उनका मुंह दबा दिया।पुलिस ने बताया कि महिला की मौत के बाद आरोपी उनके बाएं हाथ में पहना सोने का कड़ा निकालकर वहां से चला गया और गेस्ट हाउस पहुंचकर पुलिस से बचने के लिए कपड़े बदल लिए।
आरोपी विनीत कुमार, निवासी उत्तरकाशी और वर्तमान निवासी अजबपुर कलां, देहरादून को पुलिस ने हत्या, लूट और अन्य संबंधित धाराओं में गिरफ्तार किया है।
घटना के खुलासे में शामिल पुलिस टीम को उत्साहवर्धन के लिए आईजी गढ़वाल परिक्षेत्र की ओर से पांच हजार रुपये और एसएसपी देहरादून की ओर से 2500 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।

Leave a Comment

और पढ़ें